अंतरिक्ष की दुनिया में जुड़ा नासा आम लोगों को एक आइडिया के लिए 20 हजार डॉलर का इनाम देने के लिए तैयार है| हाल ही में नासा ने आम लोगों से चांद पर अंतरिक्ष यात्रियों के बचाव के लिए एक प्लान देने के लिए कहा है| नासा ने इस प्लान को बनाने के लिए 32 लाख रुपये (45,000 डॉलर) का पुरस्कार घोषित किया है| वहीं सबसे बेहतरीन आइडिया देने वाले को 20,000 डॉलर (लगभग 17 लाख रुपये) तक का इनाम देने का ऐलान किया है| इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उम्मीदवार को 23 जनवरी 2025 तक अपने आइडिया भेज सकेंगे|
नासा का आर्टेमिस मिशन चांद के दक्षिणी ध्रुव तक मानव भेजने की योजना बना रहा है, जहां उच्च तापमान और कठिन भूगोल के कारण कई चुनौतियां सामने आ सकती हैं| आर्टेमिस मिशन के लिए नासा ने यह प्रतियोगिता आयोजित की है, ताकि एक विश्वसनीय चंद्र बचाव प्रणाली विकसित की जा सके| मिशन के तहत, किसी भी आपात स्थिति में अंतरिक्ष यात्रियों को बचाने के लिए ऐसा सिस्टम होना चाहिए, जो चांद की खतरनाक सतह पर कार्य कर सके|
चांद पर कठिन चुनौती
नासा की सारा डगलस ने इस चुनौती के बारे में कहा,’चंद्रमा के कठिन वातावरण में किसी अंतरिक्ष यात्री के अचानक बीमार होने, घायल होने या किसी अन्य आपात स्थिति में पड़ने की संभावना बहुत अधिक है, जिससे उसे मिशन से बाहर कर दिया जाता है| ऐसे में एक सक्षम बचाव प्रणाली की जरूरत है.’ उनका यह बयान इस चिंता को उजागर करता है कि चांद की कठोर परिस्थितियों में अगर कोई अंतरिक्ष यात्री घायल हो जाता है या किसी मेडिकल इमरजेंसी का शिकार हो जाता है, तो उसे सुरक्षित रूप से मिशन से वापस लाना एक बड़ा और चुनौतीपूर्ण कार्य हो सकता है|
इसलिए किया गया इनाम का ऐलान
यह चुनौती विशेष रूप से चांद की सतह पर अंतरिक्ष यात्री के बचाव की कठिनाइयों को देखते हुए दी गई है| चांद पर अंतरिक्ष यात्रियों का वजन कम हो सकता है, लेकिन उनका स्पेससूट बहुत भारी होता है, जो मैन्युअल रूप से उन्हें उठाकर लाने में कठिनाई पैदा करता है| इसके अलावा, चांद पर मौजूद खड़ी ढलानें, बड़े गड्ढे और चट्टानी इलाके इस कार्य को और भी मुश्किल बना देते हैं| खासकर चांद के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में जहां गहरे गड्ढे और चौड़ी चट्टानें हो सकती हैं, वहां यह काम और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है|
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
नासा ने इस चुनौती को पूरी दुनिया के इनोवेटर्स के लिए खोला है| HeroX पोर्टल के माध्यम से इस प्रतियोगिता में भाग लिया जा सकता है| सबसे अच्छे और उपयोगी समाधान को नासा द्वारा 20,000 डॉलर का पुरस्कार दिया जाएगा. यह इनाम चांद पर किसी अंतरिक्ष यात्री को बचाने के लिए एक विश्वसनीय और प्रभावी योजना तैयार करने वाले व्यक्ति को दिया जाएगा| नासा का उद्देश्य ऐसे सिस्टम का विकास करना है, जो चांद पर कोई भी आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होने पर अंतरिक्ष यात्री को बचा सके, बिना किसी वाहन के|
आर्टेमिस मिशन की तैयारी
यह प्रतियोगिता नासा की आर्टेमिस मिशन की तैयारी का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य 2026 में चांद के दक्षिणी ध्रुव तक इंसान भेजना है. यह मिशन न केवल चांद की सतह पर जीवन के बारे में नई जानकारी देगा, बल्कि यह भविष्य में मंगल और अन्य ग्रहों पर भी मानव मिशन के लिए रास्ता खोलेगा | ऐसे में अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षा और उनकी मदद के लिए नए समाधान बेहद जरूरी हो गए हैं|
नासा की इस पहल के साथ ही अंतरिक्ष में कार्यरत हर व्यक्ति के लिए यह एक बेहतरीन अवसर है| कोई भी व्यक्ति, चाहे वह वैज्ञानिक हो या सामान्य नागरिक, अपनी रचनात्मक सोच से इस मिशन का हिस्सा बन सकता है और अंतरिक्ष अन्वेषण में योगदान दे सकता है| 23 जनवरी 2025 तक अपने विचार भेजकर इस चुनौती का हिस्सा बनें और न केवल पुरस्कार जीतें, बल्कि अंतरिक्ष यात्रा की सुरक्षा को नई दिशा देने में भी मदद करें|