देर रात में छात्रावास पहुंचीं कलेक्टर, छात्राओं से हिंदी-अंग्रेजी की किताबें पढ़वाकर परखा पठन कौशल


छत्तीसगढ़ 28 October 2026
post

देर रात में छात्रावास पहुंचीं कलेक्टर, छात्राओं से हिंदी-अंग्रेजी की किताबें पढ़वाकर परखा पठन कौशल

बलरामपुर, 28 अक्टूबर । बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने मंगलवार देर रात शंकरगढ़ विकासखंड के ग्राम जगिमा स्थित पहाड़ी कोरवा बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से हिंदी और अंग्रेजी की पाठ्यपुस्तकें पढ़वाकर उनके पठन कौशल को परखा। छात्राओं के उत्साह और आत्मविश्वास को देखकर कलेक्टर ने प्रसन्नता जताई और उन्हें नियमित पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर छात्राओं के कमरों में पहुंचीं और उनसे पढ़ाई, दिनचर्या तथा पाठ्यपुस्तकों के बारे में बातचीत की। उनके कहने पर छात्राओं ने हिंदी और अंग्रेजी की किताबों के अंश पढ़कर सुनाए। कलेक्टर ने छात्राओं को प्रतिदिन पढ़ने और अपनी पढ़ने की क्षमता बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

यह पहल जिले में चलाए जा रहे मिशन आचार्य का हिस्सा है। इसके तहत ‘बलरामपुर पढ़ेगा हर दिन 20 मिनट’ अभियान के माध्यम से बच्चों में पढ़ने की संस्कृति विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। अभिभावकों से अपील की जा रही है कि वे प्रतिदिन कम से कम 20 मिनट बच्चों के साथ किताबें पढ़ें और इस दौरान मोबाइल से दूरी बनाकर रखें। अभिभावकों के स्वयं पढ़ने से बच्चों में भी किताबों के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

कलेक्टर ने छात्रावास में भोजन व्यवस्था, निर्धारित मेनू, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं की दैनिक दिनचर्या और रहने की व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी और छात्रावास अधीक्षिका उपस्थित थीं। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में नियमित पढ़ाई की आदत विकसित करने के साथ उनके पठन कौशल और आत्मविश्वास को मजबूत करना है।

You might also like!




Advertisment