रामानुजगंज में श्रृंगार स्टोर संचालक पर युवती से बैड टच का आरोप, हिरासत में आराेपित

post

रामानुजगंज में श्रृंगार स्टोर संचालक पर युवती से बैड टच का आरोप, हिरासत में आराेपित

बलरामपुर, 15 जुलाई । बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामानुजगंज स्थित भारत माता चौक के पास संचालित रानी श्रृंगार स्टोर के संचालक तौकिर रजा को स्टोर में काम करने वाली एक युवती से कथित छेड़छाड़ और बैड टच के आरोप में रामानुजगंज पुलिस ने आज बुधवार काे हिरासत में लिया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 तथा एसटी/एससी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पीड़िता ने बताया कि, वह पिछले करीब डेढ़ महीने से रानी श्रृंगार स्टोर में काम कर रही थी। घटना वाले दिन भी वह रोज की तरह दुकान में अपने काम में लगी हुई थी। इसी दौरान स्टोर संचालक तौकिर रजा अचानक उसके पास आया और उसका हाथ मरोड़ने लगा। युवती का आरोप है कि इसके बाद उसने उसके साथ बैड टच करते हुए अशोभनीय हरकत की।

पीड़िता के अनुसार, घटना से वह घबरा गई और रोने लगी। उसने किसी तरह आरोपित को धक्का देकर खुद को छुड़ाया और तुरंत दुकान से बाहर निकल गई। इसके बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी और रामानुजगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएनएस की धारा 74 तथा एसटी/एससी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद आरोपित तौकिर रजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इधर, इस घटना को लेकर हिंदू संगठनों में भी आक्रोश है। हिंदू संगठन के दीपक गिरी ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी दो अन्य युवतियों के साथ आरोपित द्वारा इसी तरह की हरकत किए जाने की बातें सामने आई थीं, जिसके बाद उन्होंने दुकान में काम छोड़ दिया था। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी महिला या युवती कार्यस्थल पर इस तरह की घटना का शिकार न हो।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्धारण पुलिस विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।

You might also like!




Advertisment