मप्रः गरीब बच्चों के निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश के लिए आज निकलेगी ऑनलाइन लॉटरी


शहर 02 April 2026
post

मप्रः गरीब बच्चों के निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश के लिए आज निकलेगी ऑनलाइन लॉटरी

भोपाल, 02 अप्रैल। मध्य प्रदेश में राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा आज गुरुवार को दोपहर 2 बजे निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में निःशुल्क प्रवेश के लिए ऑनलाइन लॉटरी निकाली जाएगी, जिसका सीधा प्रसारण राज्य शिक्षा केन्द्र के यूट्यूब चैनल https://youtube.com/live/ffjjYeJU3vo?feature=share पर किया जाएगा।

आवेदक दोपहर 2:15 बजे के बाद बच्चों को आवंटित स्कूल की जानकारी आरटीई पोर्टल www.rteportal.mp.gov.in पर देख सकेंगे। साथ ही आवंटन पत्र भी डाउनलोड कर सकेंगे। इसके साथ ही आवेदकों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से जानकारी भेजी जाएगी।

गौरतलब है कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम की धारा 12(1)(C) के अंतर्गत, गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में, वंचित समूह एवं कमजोर वर्ग के बच्चों को कक्षा-1 या प्री-स्कूल की प्रथम प्रवेशित कक्षा में न्यूनतम 25 प्रतिशत सीटों पर निःशुल्क प्रवेश का प्रावधान है। इसके लिए मध्य प्रदेश में पूर्णत: पारदर्शी प्रक्रिया अंतर्गत आवेदन एवं शाला आवंटन ऑनलाइन तरीके से किया जाता है।

1 लाख 22 हजार 551 सीटों पर मिलेगा प्रवेश

राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा जानकारी दी कि इस वर्ष दस्तावेज सत्यापन उपरांत ऑनलाइन लॉटरी के लिए लगभग 1 लाख 78 हज़ार 714 बच्चे ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया के लिए पात्र हुये हैं। ऑनलाइन लॉटरी द्वारा चयनित बच्चों को इस वर्ष प्रदेश के पात्र लगभग 22 हज़ार निजी विद्यालयों की एक लाख 22 हज़ार 551 सीटों पर प्रवेश मिलेगा।

3 से 15 अप्रैल के बीच करा सकेंगे बच्चों का प्रवेश

ऑनलाइन लॉटरी में शाला आवंटन के बाद चयनित बच्चों के अभिभावकों के द्वारा 3 से 15 अप्रैल 2026 के मध्य उन्हें आवंटित शालाओं में जाकर अपने बच्चों का नि:शुल्क प्रवेश कराया जा सकेगा।

You might also like!




Advertisment