राजगढ़ः मेडिकल स्टोर में लगी आग, दवाईयां-फर्नीचर सहित अन्य सामान जला


शहर 29 May 2026
post

राजगढ़ः मेडिकल स्टोर में लगी आग, दवाईयां-फर्नीचर सहित अन्य सामान जला

राजगढ़, 29 मई । मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार अलसुबह इंदौर नाका स्थित बागेश्वर मेडिकल स्टोर में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि सुबह लगभग 5 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण दुकान में आग भड़क उठी। कुछ ही देर में धुआं और लपटें बाहर निकलने लगीं, जिससे आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। संयोग से घटना स्थल के पास ही डायल-112 का एक पुलिस वाहन मौजूद था। तैनात पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए दुकान का ताला तुड़वाकर अंदर पहुंच आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ समय बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दुकान में रखी बड़ी मात्रा में दवाइयां, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो चुके थे। दुकान संचालक महेश दांगी ने करीब तीन लाख रुपये का नुकसान होना बताया है। आग बुझाने के दौरान पानी भर जाने से भी कई दवाइयां खराब हो गईं। आग लगने के सही कारण का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस और दमकल समय पर न पहुंचते तो आसपास की दुकानें और घर भी आग की चपेट में आ सकते थे। फिलहाल पुलिस नुकसान का विस्तृत आंकलन कर रही है।

You might also like!




Advertisment