अम्बिकापुर : होटल दीप में आबकारी विभाग की छापामार कार्रवाई, अवैध शराब बेचते हुए मैनेजर गिरफ्तार

post

अम्बिकापुर : होटल दीप में आबकारी विभाग की छापामार कार्रवाई, अवैध शराब बेचते हुए मैनेजर गिरफ्तार

अम्बिकापुर, 26 जून । सरगुजा संभाग के आबकारी उड़नदस्ते ने नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत शुक्रवार, 26 जून 2026 की सुबह अम्बिकापुर शहर के खरसिया रोड स्थित 'होटल दीप' में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने होटल में दबिश देकर अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में मैनेजर जुनैद को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि उन्हें लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि होटल ग्रैंड बसंत के सामने स्थित होटल दीप में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। शिकायत की पुष्टि के लिए विभाग ने सुबह एक छद्म क्रेता (फर्जी ग्राहक) को होटल भेजा। इस फर्जी ग्राहक ने मैनेजर से 1,000 रुपये में 'ब्लैक डॉग' व्हिस्की के दो पव्वे खरीदे। सौदा पक्का होते ही आबकारी टीम ने तुरंत होटल में छापामार कार्रवाई शुरू कर दी।

कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने होटल के एक कमरे की तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में महंगी शराब बरामद की गई। जब्त की गई शराब में 'सिग्नेचर' की एक बोतल, 'ब्लेंडर्स प्राइड' की दो अद्धी व दो पव्वे, 'रॉयल चैलेंज' का एक पव्वा और 'आरएस बैरल' की दो आधी भरी हुई बोतलें शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी मैनेजर जुनैद ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि यह होटल पपिंदर सरदार का है, लेकिन इस अवैध कारोबार से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

मैनेजर ने स्वीकार किया कि, वह अधिक पैसे कमाने के लालच में होटल मालिक से चोरी-छिपे खुद यह शराब बेचता था। आबकारी विभाग ने आरोपित मैनेजर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

इस सफल कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक रमेश दुबे, प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह, रोहित सोनवानी तथा महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और चंद्रावती ने मुख्य भूमिका निभाई।

You might also like!




Advertisment