अनूपपुर, 25 जून। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक बार फिर 37 दिनों बाद चार हाथियों का समूह बुधवार-गुरूवार की रात्रि छत्तीसगढ़ की सीमा लांघ कर जिले की सीमा के अंदर प्रवेश कर चुके हैं जो अभी धनगंवा बीट के जंगल में डेरा जमाये हुए हैं। रात्रि में किस ओर निकलेगे यह उनके मूड पर निर्भर होगा। वहीं अभी तक कोई जनहानि की खबर नहीं हैं।
वन परिक्षेत्र अधिकारी जैतहरी विवेक मिश्रा ने बताया कि बुधवार-गुरूवार की रात्रि 4 हाथियों का समूह छत्तीसगढ़ के मरवाही वन मंडल की सीमा लांघ कर प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी क्षेत्र के वन परिक्षेत्र के सिवनी बीट ,चोलना वन बीट से गूजरनाला को पार कर ग्राम पंचायत चोलना के बचहा टोला में विचरण किया। प्रात: धनगंवा बीट के जंगल में पहुंच कर डेरा जमाये हुए हैं।
वनविभाग का मैदानी अमला हाथियों के विचरण पर निरंतर निगरानी रखते हुए ग्रामीणों को हाथियों के समूह से दूर रहने, गांव से बाहर, वन क्षेत्र से लगे क्षेत्रो में, खेतों में बने कच्चे घरों से सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।


















