सागर के रेल यात्रियों को राहत, अब सप्ताह में दो दिन चलेगी अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस


शहर 24 June 2026
post

सागर के रेल यात्रियों को राहत, अब सप्ताह में दो दिन चलेगी अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस

सागर, 24 जून । सागर लोकसभा क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अंबिकापुर और हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन संचालित होगी।

रेलवे बोर्ड ने गाड़ी संख्या 22407/22408 अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। अब तक यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होती थी, जिसे बढ़ाकर दो दिन किया गया है। इस निर्णय से सागर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने बताया कि सागर क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इस मांग को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष रखा था। रेलवे द्वारा मांग स्वीकार किए जाने को उन्होंने क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन सागर के यात्रियों के लिए समय के लिहाज से काफी उपयोगी है। हजरत निजामुद्दीन से रात करीब 11 बजे रवाना होकर यह ट्रेन अगले दिन सुबह लगभग 8:30 बजे सागर पहुंचती है, जिससे यात्रियों को रात में यात्रा कर दिन का समय बचाने की सुविधा मिलती है।

सांसद ने बताया कि अब तक दिल्ली जाने वाले व्यापारियों और अन्य यात्रियों को मुख्य रूप से गोंडवाना एक्सप्रेस पर निर्भर रहना पड़ता था। नई व्यवस्था से यात्रा विकल्प बढ़ेंगे और यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी। ट्रेन के फेरे बढ़ने से सागर के साथ ही दमोह, कटनी, अनूपपुर, शहडोल और अंबिकापुर क्षेत्र के विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को भी लाभ मिलेगा। यात्रियों को सीट उपलब्धता में सुधार और वेटिंग की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सागर क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विकास के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।

You might also like!




Advertisment