सुकमा कलेक्टर-एसपी ने नीट परीक्षा केंद्र डीएवी स्कूल का किया निरीक्षण

post

सुकमा कलेक्टर-एसपी ने नीट परीक्षा केंद्र डीएवी स्कूल का किया निरीक्षण

सुकमा, 20 जून । राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सुकमा कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अमित कुमार तथा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने शनिवार काे संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्र डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, सुकमा का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मॉक ड्रिल के माध्यम से तैयारियों का परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन, फ्रिस्किंग, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम संचालन, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन तथा स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल अथवा अनुचित साधनों के उपयोग को रोकने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ आयोजित मॉक ड्रिल में अभ्यर्थियों के प्रवेश प्रबंधन, सुरक्षा जांच, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया। कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, गोपनीयता और विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभागों को समन्वित रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। वहीं पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन के अनुसार 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए कुल 365 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, जो डीएवी स्कूल(मुरतोंडा) में आयोजित नीट यूजी की परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षार्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगा, जबकि परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं पालकों से समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने की अपील की है। जिला प्रशासन ने बताया कि एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, ताकि अभ्यर्थियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और अनुकूल वातावरण में परीक्षा देने की सुविधा मिल सके।

You might also like!




Advertisment