रायगढ़, 20 जून । जिले के तमनार स्थित अपेक्स बैंक के बाहर 8 जून को ग्रामीण की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर दाे लाख रुपये चोरी करने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को पुलिस ने जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र से गिरफ्तार कर आज शनिवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीद गई नई मोटरसाइकिल तथा डिक्की तोड़ने में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए हैं।
मामले में ग्राम गौरबहरी निवासी लोकेश्वर पटेल (60 वर्ष) ने 8 जून 2026 को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपेक्स बैंक तमनार से दाे लाख रुपये निकालकर अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे थे। इसके बाद तहसील कार्यालय में काम से जाने के दौरान मोटरसाइकिल बाहर खड़ी कर दी। करीब 20 मिनट बाद लौटने पर डिक्की टूटी मिली और उसमें रखे दो लाख रुपये गायब थे। रिपोर्ट पर थाना तमनार में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस टीम ने अपेक्स बैंक एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदेह ग्राम गाला निवासी विशाल उर्फ हरि नट पर गया। पुलिस टीम ने ग्राम गाला पहुंचकर सरपंच एवं स्थानीय गवाहों को सीसीटीवी फुटेज दिखाया, जिन्होंने संदेही की पहचान विशाल उर्फ हरि नट के रूप में की।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि विशाल उर्फ हरि नट एक आदतन अपराधी है और चोरी के अन्य मामले में जिला जेल बैकुंठपुर में निरुद्ध है। साथ ही उसके साथी धर्मेन्द्र नट उर्फ धर्मेन्द्र मीणा के सक्रिय होने की जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस टीम ग्राम झक्कड़पुर पहुंची, जहां पहचानकर्ताओं को सीसीटीवी फुटेज दिखाया गया। फुटेज में धर्मेन्द्र नट की पहचान होने के बाद उसकी तलाश तेज की गई। अंततः सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने गांव के समीप खेत क्षेत्र में घेराबंदी कर धर्मेन्द्र नट को पकड़ लिया। उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
आरोपित धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट से पूछताछ में उसने अपने साथी विशाल उर्फ हरि नट के साथ मिलकर तमनार अपेक्स बैंक से निकले लोगों की रेकी करने और मौका पाकर डिक्की तोड़कर रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपित ने बताया कि 8 जून को लोकेश्वर पटेल की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर दाे लाख रुपये चोरी किए गए थे। चोरी की रकम का बंटवारा कर उसके हिस्से में आए एक लाख रुपये से उसने नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी।
आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई दूसरी नई अपाचे मोटरसाइकिल तथा डिक्की तोड़ने में उपयोग किए जाने वाले लोहे के औजार बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति को कब्जे में लेकर आरोपित को गिरफ्तार कर आज न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।











.jpg)




