पेंटाकल कंसल्टेंट्स (आई) लिमिटेड ने आईपीओ के लिए सेबी के समक्ष दाखिल किया डीआरएचपी


व्यापार 30 September 2026
post

पेंटाकल कंसल्टेंट्स (आई) लिमिटेड ने आईपीओ के लिए सेबी के समक्ष दाखिल किया डीआरएचपी

नई दिल्ली, 30 सितंबर। मुंबई स्थित पेंटाकल कंसल्टेंट्स (आई) लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के माध्यम से फंड जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है।

सेबी के पास जमा मसौदा दस्तावेज के मुताबिक पेंटाकल कंसल्टेंट्स (आई) लिमिटेड कंपनी के 10 रुपये फेस वैल्यू वाले इस आईपीओ में 106.69 करोड़ रुपये तक का फ्रेश इश्यू और प्रमोटर पल्लवी महेंद्र मोरे के द्वारा 21,25,000 इक्विटी शेयरों तक का ऑफर-फॉर-सेल शामिल है।

कंपनी इस फ्रेश इश्यू से मिलने वाली 22.16 करोड़ रुपये की रकम का इस्तेमाल सेगमेंटल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट लिमिटेड “एसआईडीएल” के प्रस्तावित अधिग्रहण के लिए कैश पेमेंट करने में करेगी, जबकि 6.5 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी द्वारा लिए गए कुछ बकाया कर्ज को पूरी तरह या आंशिक रूप से चुकाने या प्री-पेमेंट करने में होगा। वहीं, 19.93 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की अतिरिक्त जरूरतों को पूरा करने में होगा। इसके अलावा बाकी रकम का इस्तेमाल अज्ञात अधिग्रहणों के जरिए इनऑर्गेनिक ग्रोथ, सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों और ऑफर से जुड़े खर्चों के लिए किया जाएगा।

पेंटाकल कंसल्टेंट्स (आई) लिमिटेड का यह ऑफर बुक-बिल्डिंग प्रोसेस के माध्यम से लाया जा रहा है, जिसमें नेट ऑफर का 50 फीसदी से ज्यादा हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदार को नहीं दिया जाएगा और नेट ऑफर का कम-से-कम 15 फीसदी और 35 फीसदी हिस्सा क्रमशः गैर-संस्थागत बोलीदाता और खुदरा व्यक्तिगत बोलीदाता को दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 2006 में बनी ये कंपनी एक प्रमुख ग्लोबल इंफ्रास्ट्रक्चर कंसल्टिंग और इंजीनियरिंग एडवाइजरी के तौर पर काम करती है। मुंबई स्थित यह कंपनी एक भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में डिज़ाइन इंजीनियरिंग, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी और खास एडवाइजरी सर्विस देती है।

You might also like!




Advertisment