नाना पाटेकर के निधन पर बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा के दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि


मनोरंजन 08 October 2026
post

नाना पाटेकर के निधन पर बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा के दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

मुंबई: अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर सामने आने के बाद साउथ इंडस्ट्री, बॉलीवुड से लेकर ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने सोशल मीडिया के जरिए अपना दुख जाहिर किया। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने सोशल मीडिया प्लेफॉर्म एक्स पर अभिनेता की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "एक महान कलाकार हमें छोड़कर चले गए। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ईश्वर से प्रार्थना करता है कि नाना पाटेकर की आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार व प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति मिले। भारतीय फिल्म उद्मोग ने अपने एक महान बेटे को खो दिया है। नाना पाटेकर ने गोवा स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली और उनके साथ आज एक पूरा युग समाप्त हो गया।"

एआईसीडब्ल्यूए ने नाना पाटेकर द्वारा मनोरंजन जगत में दिए योगदान को याद किया। उन्होंने लिखा, "भारतीय सिनेमा, खासकर बॉलीवुड में उनका योगदान इतना बड़ा है कि कोई भी उसे माप नहीं सकता। हर फिल्म में उनका अभिनय सर्वश्रेष्ठ था और उनके किरदार हमेशा दमदार रहे। 'परिंदा', 'क्रांतिवीर' और 'प्रहार' से लेकर 'अब तक छप्पन', 'नटसम्राट' और 'वेलकम' तक, वे किरदार में इस तरह समा जाते थे कि दर्शक भूल जाते थे कि पर्दे पर कोई अभिनय कर रहा है। 'क्रांतिवीर' का 'एक मच्छर साला आदमी को हिजड़ा बना देता है' वाला संवाद कौन भूल सकता है? वह आम आदमी की आवाज थी लेकिन इंसान के रूप में नाना और भी महान थे।"

उन्होंने बताया कि नाना पाटेकर फिल्मों में काम करने के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद से कभी पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा, "वे जरूरतमंद लोगों की मदद करते थे और जीवनभर उनके बीच रहे। सब कुछ होने के बावजूद वे एक छोटे से फ्लैट में सादगी से रहते थे और साधारण जीवन जीते थे। वे हमेशा जमीन से जुड़े रहे और उनमें कभी अहंकार नहीं रहा। आज बॉलीवुड से लेकर पूरे भारतीय फिल्म उद्योग में शोक की लहर है। कर्मचारी, तकनीशियन, जूनियर कलाकार और कलाकार सभी समान रूप से शोक मना रहे हैं क्योंकि उनका स्वभाव सबसे दयालु था। इस नुकसान के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।

उन्होंने लिखा, "नाना, आप हमेशा याद रखे जाएंगे। जब तक यह दुनिया है, नाना पाटेकर का नाम जीवित रहेगा। फिल्म उद्योग आपके योगदान को कभी नहीं भूलेगा और देश भी आपको कभी नहीं भूलेगा क्योंकि आप सच में एक अनोखे व्यक्ति थे। ओम शांति।" अभिनेता आदिल हुसैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में नाना पाटेकर के लिए नोट लिखा, "मैं यकीन नहीं कर सकता कि नाना पाटेकर चले गए। मुझे यह खबर एक फोन कॉल से मिली और मैं जाग गया। निःशब्द हूं। प्रिय नाना जी, मैं आपको बड़े स्नेह से याद रखूंगा, आपके काम ने मुझ सहित कई लोगों को प्रेरित किया है। ईश्वर आपकी आत्मा को आशीर्वाद दें। शांति से आराम करें।"

साउथ अभिनेता जूनियर एनटीआर ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नाना पाटेकर के निधन की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "नाना पाटेकर सर के निधन से गहरा दुख हुआ है, वे भारतीय सिनेमा के सबसे बेहतरीन अभिनेताओं में से एक थे। उनके हर किरदार में एक बेजोड़ ईमानदारी और तीव्रता थी। उनका अभिनय कभी अभिनय नहीं लगता था बल्कि पर्दे पर जीवन घटित होता हुआ लगता था। एक अद्भुत कलाकार, जिनका भारतीय सिनेमा में योगदान पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा।" अभिनेता रजनीकांत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नाना पाटेकर के लिए नोट पोस्ट कर लिखा, "मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मेरे प्यारे दोस्त नाना पाटेकर अब हमारे बीच नहीं हैं। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।" अभिनेता फरहान अख्तर ने इंस्टाग्राम पर नाना पाटेकर की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "कुछ लोग ऐसे होते हैं, जिनके जाने के बाद एक खालीपन रह जाता है। नाना पाटेकर ऐसे ही व्यक्ति थे, जिनकी उपस्थिति कमरे को भर देती थी और वे पीढ़ी के ऐसे प्रतिभावान कलाकार थे, जो पर्दे पर आते ही हमारा ध्यान खींच लेते थे। कला के क्षेत्र में उनका काम और सामाजिक कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। आपको हमेशा याद आएंगे सर।"

You might also like!




Advertisment