मध्य प्रदेश में सीजन में पहली बार 9 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा, अगले तीन दिन आंधी-बारिश का अलर्ट


शहर 19 November 2026
post

मध्य प्रदेश में सीजन में पहली बार 9 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा, अगले तीन दिन आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल, 19 नवम्बर । पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश में भी दिखने लगा है। प्रदेश में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कटनी के करौंदी में बीती रात पारा 8.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, भोपाल और जबलपुर में ठंड का असर पचमढ़ी से भी अधिक रहा। बढ़ती ठंड के बीच 20, 21 और 22 नवंबर को प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से प्रदेश में मौसम बदलेगा। इसका असर 20 नवंबर से दिखाई देने लगेगा। जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर और नर्मदापुरम संभाग में आंधी-बारिश का अलर्ट है। शहडोल और डिंडौरी में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान चार इंच से अधिक पानी गिर सकता है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

21 नवंबर को सीधी-अनूपपुर में भारी बारिश की संभावना

पूर्वानुमान के मुताबिक, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में भी मौसम प्रभावित हो सकता है। 21 नवंबर को सीधी और अनूपपुर में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि 22 नवंबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे

प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। बीती रात 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। करौंदी के बाद शहडोल का कल्याणपुर 9 डिग्री तापमान के साथ दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा। इसके अलावा उमरिया में 10.9 डिग्री, रीवा में 11, दमोह में 11.2, मलाजखंड में 11.8 और जबलपुर में 11.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। नौगांव में पारा 12, छिंदवाड़ा और खजुराहो में 12.2, सीधी में 12.4, मंडला में 12.5, दतिया में 12.6 और ग्वालियर में 12.8 डिग्री रहा। भोपाल में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री, सतना में 13.2, पचमढ़ी में 13.4 और रायसेन में 13.5 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर और बैतूल में पारा 14 डिग्री, जबकि नरसिंहपुर में 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन, आगे और गिरेगा तापमान

कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी जारी है। इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाली ठंडी हवाओं और मौसमी सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ प्रदेश में सर्दी और तेज हो सकती है।

You might also like!




Advertisment