हांगकांग ओपन: सात्विक-चिराग सेमीफाइनल में पहुंचे, रक्षिता का सफर क्वार्टर फाइनल में थमा


खेल 20 November 2026
post

हांगकांग ओपन: सात्विक-चिराग सेमीफाइनल में पहुंचे, रक्षिता का सफर क्वार्टर फाइनल में थमा

हांगकांग , 20 नवंबर । भारतीय पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शुक्रवार को हांगकांग ओपन के सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस लोकप्रिय भारतीय जोड़ी ने चीन के हू केयुआन और लिन शियांगयी को 21-12, 13-21, 21-16 से हराया।

इस साल बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर के दो खिताब जीत चुकी सात्विक-चिराग की जोड़ी ने इससे पहले प्री-क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के नूर मोहम्मद अजरिन अयूब और टैन वी कियोंग को 42 मिनट में 21-19, 21-16 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।

इस सत्र में दो बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 खिताब जीतने वाली भारतीय जोड़ी ने मई में सिंगापुर ओपन और सितंबर में चाइना मास्टर्स का खिताब अपने नाम किया था। इसके अलावा वह थाईलैंड ओपन में उपविजेता रही थी। अब उनकी नजर सत्र का मजबूत समापन करने और साल के अंत में होने वाले बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में जगह बनाने पर होगी।

दूसरी ओर, महिला एकल में रक्षिता रामराज का शानदार अभियान क्वार्टर फाइनल में हार के साथ समाप्त हो गया। उन्हें पोर्नपावी चोचुवोंग ने 19-21, 16-21 से हराया।

रक्षिता ने गुरुवार को टोक्यो ओलंपिक चैंपियन और मौजूदा विश्व नंबर चार चीन की चेन यू फेई को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। उन्होंने चेन को सीधे गेमों में 21-18, 24-22 से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।

इससे पहले रक्षिता ने बुधवार को भी शानदार प्रदर्शन करते हुए डेनमार्क की विश्व नंबर 20 मिया ब्लिचफेल्ट को 36 मिनट में 21-18, 21-18 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।

पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत ने भी पुरुष एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया के यू ताए बिन को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। 59 मिनट तक चले मुकाबले में श्रीकांत ने पहला गेम गंवाने के बाद वापसी की और 12-21, 21-18, 21-14 से जीत दर्ज की।

इस साल बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला युगल जोड़ी त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद प्री-क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गई। उन्हें अमेरिका की लॉरेन लैम और एलिसन ली ने 20-22, 13-21 से हराया।

महिला एकल में अश्मिता चालिहा को भी प्री-क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें जापान की हिना अकेची ने 21-17, 21-12 से हराया।

You might also like!




Advertisment