अनूपपुर: अकवान चक्रवात के असर से मौसम में बदलाव, रूक-रूक बूंदाबांदी


शहर 20 November 2026
post

अनूपपुर: अकवान चक्रवात के असर से मौसम में बदलाव, रूक-रूक बूंदाबांदी

अनूपपुर, 20 नवंबर । मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात 'अकवान' के प्रभाव और मौसम विभाग के पूर्वनुमान अनुसार शुक्रवार की सुबह से जिले के मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। आसमान में काले बादल छाए रहे और वातावरण में हल्की धुंध दिखाई दी। ठंडी हवाओं के बीच सुबह से रूक-रूक बूंदाबांदी भी शुरू हैं। मौसम में आए बदलाव से अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार की तुलना में अधिकतम तापमान 2 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात 'अकवान' शुक्रवार दोपहर बंगाल की खाड़ी में उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से टकराने की संभावना है। इसके प्रभाव से अनूपपुर जिले में नमी पहुंच रही है, जिस कारण मौसम में बदलाव आया है। अनूपपुर सहित आसपास के जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। अगले एक-दो दिनों तक जिले में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। इसके बाद मौसम साफ होने पर ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।

किसानों को फसल भीगने का सता रहा डर

मौसम में अचानक आए बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिले के अधिकांश खेतों में धान की कटाई चल रही है, जबकि कई किसानों ने कटी हुई फसल को गहाई के लिए खलिहानों में रखा है। ऐसे में बारिश होने से फसल के भीगने और खराब होने का डर है। किसानों का कहना है कि मौसम विभाग की चेतावनी के बाद कटी हुई धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है।

कृषि उपसंचालक अनुराग पटेल ने बताया कि जलवायु संबंधी परिस्थितियों के कारण प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में अनूपपुर में खरीफ और रबी की बुवाई व कटाई का काम 15 से 20 दिन देरी से होता है। फिलहाल रबी की बुवाई चल रही है, जबकि खरीफ की धान फसल की कटाई जारी है। जिले में अब तक करीब 60 प्रतिशत धान की कटाई हो चुकी है। लगातार एक-दो दिन बारिश होने पर धान की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। तेज बारिश होने पर सब्जियों की फसल भी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि कटी हुई धान की फसल को छायादार स्थान पर रखें, उसे अच्छी तरह ढकें और मौसम को देखते हुए जल्द गहाई कर लें।

You might also like!




Advertisment