रायपुर के उत्तर क्षेत्र में पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, होटल-लॉज और ढाबों में की गई सघन जांच


छत्तीसगढ़ 21 November 2026
post

रायपुर के उत्तर क्षेत्र में पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, होटल-लॉज और ढाबों में की गई सघन जांच

रायपुर, 21 नवम्बर । अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने उत्तर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान पुलिस की विशेष टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों के होटल, लॉज और ढाबों में सघन जांच की।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) आदित्य पाण्डेय के निर्देशन एवं नेतृत्व में 20 नवंबर की रात यह अभियान चलाया गया। इसके तहत थाना उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, पंडरी एवं खम्हारडीह क्षेत्र में स्थित होटल, लॉज और ढाबों की जांच की गई।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने होटल एवं लॉज में ठहरे व्यक्तियों की जानकारी और उनके आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। साथ ही संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने यहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पहचान पत्र एवं पूरा विवरण अनिवार्य रूप से संधारित करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की हिदायत भी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने होटल, लॉज एवं ढाबा संचालकों सहित वहां मौजूद लोगों को सुरक्षा और कानून व्यवस्था के संबंध में आवश्यक समझाइश दी। इस अभियान का उद्देश्य असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखना है।

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि, अपराधों की रोकथाम और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

You might also like!




Advertisment