राहुल गांधी की पोस्ट पर मुख्यमंत्री डॉ. सरमा का पलटवार, कहा देवी-देवताओं की नकल करने की कोशिश न करें


देश 23 November 2026
post

राहुल गांधी की पोस्ट पर मुख्यमंत्री डॉ. सरमा का पलटवार, कहा देवी-देवताओं की नकल करने की कोशिश न करें

गुवाहाटी, 23 नवंबर । कांग्रेस नेता राहुल गांधी की एक्स पोस्ट पर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने पलटवार किया है। बीती मध्य रात्रि को पोस्ट शेयर करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा है कि जब नए-नए धर्म अपनाने वाले लोग हमारी विरासत को "खोजने" की कोशिश करते हैं और उसे बिना समझे ही इस्तेमाल करने लगते हैं, तो ऐसा ही होता है। मुख्यमंत्री ने सवालिया लहजे में कहा है कि, क्या राजीव गांधी और सोनिया गांधी अब शिव और पार्वती बन गए हैं? उन्होंने कहा है कि देवी-देवताओं की नकल करने की कोशिश न करें।

डॉ. सरमा ने कहा है कि अर्धनारीश्वर न तो विवाहित प्रेम की कोई तस्वीर है और न ही यह ऐसा दृश्य है जिसमें पत्नी अपने पति की गोद में बैठी हो। यह सनातन धर्म के सबसे गहरे सत्यों में से एक है: शिव और शक्ति एक ही अविभाज्य वास्तविकता हैं। ब्रह्मांड के कामकाज में चेतना और ऊर्जा, पुरुष और स्त्री को एक-दूसरे से अलग नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री ने कहा है कि हमारी परंपराओं से कुछ भी अपनाने से पहले, कम से कम उन्हें समझने की कोशिश तो करें।

ज्ञात हो कि राहुल गांधी ने एक्स पर एक चित्र के साथ अपनी पोस्ट में कहा है, "मैं भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितना गहराई से समझता हूं, उतनी ही स्पष्टता आती जाती है।" साथ ही उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर हमला करते हुए कहा है कि पुरुष-प्रधान सोच रखने वाले लोग हैं, जिन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की रत्ती भर भी समझ नहीं है।

You might also like!




Advertisment