झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र शुरू, एसआईआर पर सत्ता पक्ष के सवाल


देश 25 November 2026
post

झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र शुरू, एसआईआर पर सत्ता पक्ष के सवाल

रांची, 25 नवंबर । झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुधवार से शुरू हो गया है। पहले दिन बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर )को लेकर विशेष चर्चा हो रही है।

संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने सरकार की ओर से एसआईआर के मुद्दे पर एक राजकीय संकल्प पेश किया। कैबिनेट की प्रत्याशा में मुख्यमंत्री के अनुमोदन पर लाए गए इस संकल्प पर सदन में चर्चा शुरू हो गई है। संकल्प के माध्यम से सरकार ने एसआईआर की प्रक्रिया में आ रही व्यावहारिक अड़चनों को सदन के सामने रखा।

सरकार की ओर से कहा गया कि राज्य में कुल 2.64 करोड़ मतदाता हैं, लेकिन पहले चरण के प्रारूप में केवल 2.21 करोड़ नाम ही प्रकाशित हुए हैं। इसमें 16 फीसदी मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं, जबकि कुल मतदाताओं में से 38 फीसदी के नाम या तो विलोपित हुए हैं या उन्हें संदेह की सूची में डालकर नोटिस भेजा गया है। सरकार ने आरोप लगाया कि महज स्पेलिंग की गलतियों के कारण भी नाम संदेह की सूची में डाले जा रहे हैं।

सदन में रखे गए संकल्प में दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख करते हुए प्रवासी मजदूरों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया गया है।

सरकार ने एसआईआर के समय और प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पश्चिम बंगाल का भी हवाला दिया, जहां 90 लाख नाम काटे जाने की बात कही गई है। इसके साथ ही, एसआईआर के संदर्भ में सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश उज्ज्वल भुइयां की टिप्पणी को भी संकल्प के जरिए सदन में रखा गया।

राज्य सरकार ने इस संकल्प के माध्यम से एसआईआर की मौजूदा प्रक्रिया को तत्काल रोकने और नया मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर इसे लागू करने की मांग की है। इस दौरान ज्ञानेश कुमार को हटाने की आवश्यकता पर भी बात रखी गई। फिलहाल, सदन में सरकार के इस प्रस्ताव पर बहस जारी है।

You might also like!




Advertisment