मध्य प्रदेश में गर्मी का असर हुआ तेज, कई जिलों में लू का अलर्ट, रतलाम में पारा 41.2 डिग्री पहुंचा


शहर 14 April 2026
post

मध्य प्रदेश में गर्मी का असर हुआ तेज, कई जिलों में लू का अलर्ट, रतलाम में पारा 41.2 डिग्री पहुंचा

भोपाल, 14 अप्रैल । मध्य प्रदेश में अब मौसम पूरी तरह बदल चुका है। बादल और बारिश का दौर खत्म हो गया है और तेज धूप ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 16 और 17 अप्रैल से प्रदेश के कई जिलों में भीषण लू चलने की संभावना है।

इससे पहले सोमवार को रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 41.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा धार, नर्मदापुरम और खरगोन में भी पारा 40 डिग्री के ऊपर बना रहा। वहीं, अब 16 और 17 अप्रैल को रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, खरगोन, खंडवा, सीधी, सिंगरौली, मंडला और बालाघाट में लू चलने का अलर्ट है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में भी गर्म हवाओं का प्रभाव महसूस किया जाएगा।

नया सिस्टम बनेगा, लेकिन राहत नहीं

मौसम विभाग ने बताया कि 15 अप्रैल से एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय हो रहा है, लेकिन यह काफी कमजोर रहेगा। ऐसे में इससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल का दूसरा पखवाड़ा आमतौर पर सबसे ज्यादा गर्म होता है। ग्वालियर में तापमान 45 डिग्री और भोपाल में 44 डिग्री तक पहुंचने का रिकॉर्ड दर्ज है।

अप्रैल की शुरुआत रही बदले हुए मौसम के साथ

इस बार अप्रैल के शुरुआती दिनों में भीषण गर्मी नहीं पड़ी। 1 से 9 अप्रैल के बीच प्रदेश में लगातार आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर चला। 15 से ज्यादा जिलों में ओले गिरे, जबकि करीब 45 जिलों में बारिश दर्ज की गई। ग्वालियर में सबसे अधिक वर्षा हुई।

You might also like!




Advertisment