चुनाव 26 : बाराबानी में विधान उपाध्याय के समर्थन में श्राबंती चटर्जी ने चुनावी प्रचार किया


देश 15 April 2026
post

चुनाव 26 : बाराबानी में विधान उपाध्याय के समर्थन में श्राबंती चटर्जी ने चुनावी प्रचार किया

आसनसोल, 15 अप्रैल । टॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री श्राबंती चटर्जी एक बार फिर पश्चिम बंगाल की राजनीति में सक्रिय नजर आ रही हैं। 2021 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर चुनाव लड़ने के बाद उन्होंने पार्टी से दूरी बना ली थी और बाद में तृणमूल कांग्रेस के कार्यक्रमों में दिखाई देने लगीं। अब 2026 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने जोरदार प्रचार अभियान शुरू कर दिया है।

मंगलवार शाम श्राबंती चटर्जी ने बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार बिधान उपाध्याय के समर्थन में जनसभाएं कीं। उन्होंने दोपहर के समय इटापारा पंचायत के इटापाड़ा गांव स्थित एक फुटबॉल मैदान में लोगों को संबोधित किया और उसके बाद पुरानाचट्टी गांव में भी सभा की। अपने संबोधन में उन्होंने सीधे तौर पर आम जनता से तृणमूल उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

सभा में जैसे ही वह पहुंचीं, स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया और नारों से माहौल गूंज उठा। श्राबंती ने कहा कि इस इलाके में आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है और लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। उन्होंने 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार की भारी जीत सुनिश्चित करने की अपील की।

अपने भाषण के दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तारीफ करते हुए उन्हें मेहनती और अच्छा इंसान बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने ममता बनर्जी के साथ काफी समय बिताया है और इसी वजह से वह उनके नामित उम्मीदवारों को जिताने की अपील कर रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान श्राबंती बच्चों के बीच भी गईं और उनसे जुड़ने के लिए एक प्यारी कविता सुनाई, जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया।

इस मौके पर मंच पर बिधान उपाध्याय के अलावा बाराबनी ब्लॉक अध्यक्ष असित सिंह और संगठन से जुड़े सुकुमार साधु भी मौजूद थे।

You might also like!




Advertisment