कोरबा : जिला सहकारी बैंक एनटीपीसी में फहराया गया सहकारी सतरंगी ध्वज

post

कोरबा : जिला सहकारी बैंक एनटीपीसी में फहराया गया सहकारी सतरंगी ध्वज

कोरबा, 29 जून । जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, एनटीपीसी-जमनीपाली शाखा में सोमवार को सहकारिता दिवस पर सहकारी सतरंगी ध्वज फहराया गया। सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सहकारी सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसके पहले दिन एनटीपीसी शाखा के अतिवरिष्ठ खाता धारक त्रिभुवन सिंह हरिपाल व सपूरन लाल ने विधिवत पूजा-पाठ कर भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण किया, जिसके बाद सहकारी गीत के साथ ध्वजारोहण किया।

एनटीपीसी कोरबा के सेवानिवृत्त कर्मी व बैंक के प्रारंभ होने के समय के पहले खाताधारकों में से एक हरिपाल ने बताया कि वर्ष 1987 में इस शाखा से जुडे़ और इस तरह देखते ही देखते कब 39 वर्ष गुजर गए, पता ही नहीं चला। इस अवसर पर एनटीपीसी शाखा के पहले खाता धारक गणमान्य नागरिकों में एनटीपीसी के सेवानिवृत्त कर्मी सपूरन लाल, बाबूराम भारद्वाज ने भी अपनी गरिमामयी मौजूदगी दर्ज कराई।

अतिथियों के स्वागत-अभिनंदन के पश्चात कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए प्रभारी शाखा प्रबंधक श्रीमती नेहा पांडेय ने सहकारिता सप्ताह के बारे में बताते हुए कहा कि सहकार से समृद्धि के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह मनाया जा रहा है। सहकारी संस्थाओं को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने की दिशा में प्रयास हो रहे हैं, ताकि उनका लाभ सभी जागरुक खाताधारकों व क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को मिल सके।

इसी कड़ी में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभात मिश्रा एवं कोरबा के जिला नोडल अधिकारी सुशील कुमार जोशी के मार्गदर्शन में एनटीपीसी शाखा में आज सहकारिता ध्वज फहराकर सप्ताह शुरू किया गया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज कराते हुए जागरूकता की मुहिम में भागीदार बनने वाले सभी अतिथियों, गणमान्य नागरिकों, व्यावसायियों एवं बैंक के खाताधारकों का आभार जताया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से वरिष्ठ नागरिक आरबी पाठक, बैंककर्मियों में पर्यवेक्षक ज्ञान प्रकाश सोनी, पर्यवेक्षक श्रीमती सुनीता चौहान, पेखन चंद्राकर, श्रीमती हारमति, मीरसिंह, गणमान्य नागरिकों में सीताराम अग्रवाल, कृष्ण कुमार चंद्रा, अमित अग्रवाल, रामकुमार चंद्रा, धूपनाथ ठाकुर, रवि टेलर, एनटीपीसी हाॅस्पिटल के रामकुमार, रमेश, छोटू भारिया, कक्षा सातवीं के छात्र भावेश, 10वीं के छात्र अनुभव समेत अन्य उपस्थित रहे।

You might also like!




Advertisment