भोपाल, 04 जुलाई । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री स्व. गुलजारी लाल नंदा की जयंती, स्वतंत्रता सेनानी, राष्ट्रीय ध्वज के अभिकल्पक, पिंगली वेंकैया और स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से पूर्व प्रधानमंत्री स्व. गुलजारी लाल नंदा को याद करते हुए कहा कि " भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय गुलजारी लाल नंदा जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में दिए गए उनके योगदान और श्रमिक कल्याण के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों का स्मरण किया।"
पिंगली वेंकैया की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि "स्वतंत्रता सेनानी पी. वेंकैया ने तिरंगे को स्वरूप प्रदान कर राष्ट्र की अस्मिता, एकता और स्वाभिमान को अमिट पहचान दी। उनका राष्ट्र निष्ठ जीवन हम सभी को राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ कर्तव्यों के निष्ठा पूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।"
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर कहा कि "स्वामी विवेकानंद ने अपने ओजस्वी विचारों, आत्मबल और राष्ट्र के प्रति समर्पित दृष्टि से भारत की सनातन सांस्कृतिक चेतना को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया। राष्ट्र निर्माण, युवा जागरण और आध्यात्मिक चेतना के अमर प्रेरणा स्रोत, स्वामी विवेकानंद के संदेश, विकसित-आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण का प्रेरक आधार हैं।"



















