बलरामपुर, 03 अगस्त। बलरामपुर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में आज सोमवार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
कलेक्टर ने जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। जरूरत वाले स्थानों पर गति नियंत्रण के लिए स्पीड ब्रेकर लगाने और सड़क किनारे सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं मजबूत करने को कहा।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने निजी स्कूलों में संचालित वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। वाहन चलाकर स्कूल आने वाले विद्यार्थियों की काउंसलिंग करने और अभिभावकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्कूलों और महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने सड़कों के किनारे झाड़ियों की कटाई-छंटाई कराने तथा बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और कटाव वाले स्थानों पर प्राथमिकता से मरम्मत कराने को कहा। जरूरी स्थानों पर साइन बोर्ड और अन्य सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पिकअप जैसे मालवाहक वाहनों में सवारी ले जाने पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि मालवाहक वाहनों का उपयोग यात्री परिवहन के लिए नहीं किया जा सकता। ऐसे मामलों में नियमित जांच अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए।
सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी उचित प्रबंधन करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, दुर्घटना नियंत्रण, ई-डार, पीएम राहत, सड़क सुरक्षा मित्र और राहगीर योजना से संबंधित जानकारी भी साझा की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया, प्रमोद गुप्ता सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।


















