इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक के बाद रद्द की गई तीन विषयों की परीक्षाएं आज से


छत्तीसगढ़ 07 September 2026
post

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक के बाद रद्द की गई तीन विषयों की परीक्षाएं आज से

रायपुर, 07 सितंबर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेव्ही ) में सामने आए पेपर लीक के बाद रद्द की गई तीन विषयों की परीक्षाएं 7 सितंबर यानी आज से फिर ली जा रही हैं। आठ और नौ सितंबर को भी संबंधित परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। पेपर लीक की घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा प्रक्रिया को पहले से अधिक सुरक्षित बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है।

परीक्षायें आज से प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे की शिफ्ट में आयोजित की जा रही हैं। नए सुरक्षा नियमों और सख्त जांच के कारण छात्रों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 09:00 बजे से 09:30 बजे तक उपस्थित होने के लिए कहा गया है। विश्वविद्यालय ने प्रत्येक विषय के विशिष्ट समय और दिशा-निर्देशों की विस्तृत अधिसूचना सीधे कॉलेज प्राचार्यों और छात्रों के लॉगिन पोर्टल पर जारी की है। अब कॉलेजों को परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र के पैकेट परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले संबंधित कॉलेज के अधिकृत ई-मेल पर प्रश्नपत्र भेजा जाएगा।यह ई-मेल पासवर्ड से सुरक्षित रहेगा और उसका पासवर्ड परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रश्नपत्र खोलने की पूरी प्रक्रिया विश्वविद्यालय की ओर से गठित कमेटी की मौजूदगी में होगी। ई-मेल खोलने से लेकर प्रश्नपत्र प्राप्त करने और उसे परीक्षा के लिए तैयार करने तक की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराना अनिवार्य किया गया है।रिकॉर्डिंग की एक प्रति विश्वविद्यालय प्रशासन को भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और किसी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे।

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने दुर्ग जिले के एक निजी कॉलेज से परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया था। एंटोमोलाजी विषय का पेपर परीक्षा से पहले बाहर लीक हो गया था। इसके अलावा बीएससी प्रथम वर्ष के प्लांट पैथोलाजी और प्रथम वर्ष के दूसरे सेमेस्टर के फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स के प्रश्नपत्र भी परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले वाट्सएप पर प्रसारित हो गए थे।

पेपर लीक की घटना ने विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली और गोपनीय प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे।शुरुआती कार्रवाई के तहत विश्वविद्यालय ने दो महिला आब्जर्वर को निलंबित करने के साथ स्नातक स्तर के परीक्षा प्रभारी को पद से हटा दिया था।

You might also like!




Advertisment