जीवन की चुनौतियों का सामना करने, सही निर्णय लेना सिखाते हैं शिक्षक: डाॅ आशीष नायक


छत्तीसगढ़ 05 September 2026
post

जीवन की चुनौतियों का सामना करने, सही निर्णय लेना सिखाते हैं शिक्षक: डाॅ आशीष नायक

धमतरी, 05 सितंबर । शासकीय हाई स्कूल बाजार कुर्रीडीह में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए व्याख्याता डा आशीष नायक ने जीवन में गुरु की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने, सही निर्णय लेने और बेहतर इंसान बनने की दिशा भी दिखाते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा की भावपूर्ण झलक पेश की। विद्यार्थियों ने सभी शिक्षकों का तिलक लगाकर तथा श्रीफल एवं पेन भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और सम्मान का वातावरण बना रहा। शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जीवनी तथा उनके जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को भाषण के माध्यम से प्रस्तुत किया।

उन्होंने बताया कि डॉ. राधाकृष्णन ने शिक्षा को समाज और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम माना तथा अपने जीवन में शिक्षक की भूमिका को सर्वोच्च महत्व दिया। कार्यक्रम में ग्राम बाजार कुर्रीडीह की सरपंच मनीषा मरकाम, नरेश मरकाम एवं दिलीप सिन्हा ने विद्यालय के सभी शिक्षकों को मोमेंटो, सम्मान पत्र एवं पेन भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा दसवीं के छात्र अमन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कुमारी रश्मि ने किया। आयोजन में संस्था प्रमुख अभय राम ध्रुव, डॉ. आशीष नायक, चुम्मन साहू, कमलेश निषाद, भेमूराम साहू, शिव कुमारी नेताम सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने गुरु के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और जीवन में उनके मार्गदर्शन के महत्व का संदेश दिया।

You might also like!




Advertisment