कांकेर में रिहायशी इलाके तक पहुंचा भालू, घर में घुसकर भोजन तलाशा, वीडियो वायरल


छत्तीसगढ़ 03 September 2026
post

कांकेर में रिहायशी इलाके तक पहुंचा भालू, घर में घुसकर भोजन तलाशा, वीडियो वायरल

कांकेर, 03 सितंबर। जिले के गोविंदपुर इलाके में वन्य प्राणी भालुओं की बढ़ती सक्रियता ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अंधेरा होते ही इलाके में भालुओं की आवाजाही शुरू हो जाती है। भोजन की तलाश में भालू कई घरों के दरवाजे तक तोड़ चुके हैं। अब एक भालू के घर के अंदर घुसने का मामला सामने आया है। बीती रात गोविंदपुर में एक घर के अंदर अचानक भालू घुस आया। घर में घुसने के बाद भालू ने भोजन की तलाश की और कुछ देर तक वहीं आराम करता नजर आया। भालू की मौजूदगी से घर के सदस्य बुरी तरह डर गए और दहशत के चलते अंदर ही दुबके रहे। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने भालू का वीडियो बना लिया। भालू के घर के अंदर घूमने और आराम करने का यह वीडियो आज गुरूवार काे सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद गोविंदपुर इलाके में भालुओं की बढ़ती गतिविधियों को लेकर लोगों में भय व्याप्त है।

गोविंदपुर के रहवासियों के अनुसार क्षेत्र में लगातार वन्य प्राणी भालुओं की सक्रियता देखी जा रही है। रात के समय घर से बाहर निकलना लोगों के लिए जोखिम भरा हो गया है। भोजन की तलाश में भालुओं के रिहायशी इलाके में पहुंचने से खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए भालुओं की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें रिहायशी क्षेत्र से दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

You might also like!




Advertisment