मणिपुर में तीन उग्रवादी समेत कई गिरफ्तार, भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद


देश 03 September 2026
post

मणिपुर में तीन उग्रवादी समेत कई गिरफ्तार, भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद

इंफाल, 03 सितंबर । मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के तीन सक्रिय सदस्यों, संगठन के नाम पर जबरन वसूली करने वाले एक व्यक्ति और तीन कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 10.8 किलो ब्राउन शुगर/हेरोइन और 22.4 किलो गांजा समेत एक वाहन तथा मोबाइल फोन बरामद किए गए।

असम राइफल्स से मिली पुष्ट खुफिया सूचना के आधार पर सीडीओ-इंफाल पश्चिम की टीम ने घारी अवांग लीकाई में तलाशी अभियान चलाकर प्रतिबंधित संगठन यूएनएलएफ (के) के सक्रिय सदस्य येंगकोकपम मलेमंगनबा मेइतेई (29), उर्फ मोटू, को गिरफ्तार किया। वह थौबल जिले के चरांगपत मामांग लीकाई का निवासी है और कथित तौर पर जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल था। उसके कब्जे से सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो वाहन बरामद की गई।

बाद की कार्रवाई में संगठन के दो अन्य सक्रिय सदस्यों सलाम टोम्बा सिंह (22), उर्फ टोंडोनबा, निवासी खाबाम बामदियार मायाई लीकाई, इंफाल पश्चिम तथा कोंसाम विवेक मैतेई (21), निवासी चरांगपत माकलांग मायाई लीकाई, थौबल को भी गिरफ्तार किया गया।

एक अन्य अभियान में 31 असम राइफल्स से मिली खुफिया सूचना के आधार पर सीडीओ-इंफाल पूर्व ने येंसेम्बम राजेश मेइतेई (28), उर्फ अबुंग उर्फ खाना, को लामलोंग बाजार से गिरफ्तार किया। उस पर कथित तौर पर खुद को केसीपी (एमएफएल) का सदस्य बताकर कोनुंग मामांग स्थित एक दुकान से संगठन के नाम पर पैसे वसूलने का आरोप है।

इधर, जिरीबाम जिला पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने माखा बस्ती में एक ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक की छत के हिस्से में छिपाकर रखी गई 10.8 किलोग्राम ब्राउन शुगर/हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने ट्रक चालक अजहर हुसैन उर्फ मोनू, निवासी न्यू खैराबाद एफवी, लालपानी, कछार जिला, असम को गिरफ्तार किया।

एक अन्य अभियान में असम राइफल्स से मिली खुफिया सूचना के आधार पर सीडीओ-इंफाल पूर्व ने थौबल जिले के थौबल फौदेल से दो कथित मादक पदार्थ तस्करों अकोइजाम सुशील मेइतेई (43), उर्फ इनाओटन और थोइबा नामीरकपम (31), उर्फ इबुंगो को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 22.4 किलो गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

इन सभी मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

You might also like!




Advertisment