इंदौर, 02 सितंबर। मध्य प्रदेश शासन द्वारा लागू किए गए शक्कर नियंत्रण आदेश-2026 के तहत इंदौर में खाद्य विभाग की टीम द्वारा बुधवार को शक्कर के स्टॉक की जांच के लिए प्रभावी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पालदा स्थित एक चॉकलेट निर्माण इकाई में निर्धारित स्टॉक सीमा से अधिक शक्कर पाए जाने पर 375 क्विंटल शक्कर जब्त की गई है। प्रकरण में आगे की जांच एवं कार्रवाई जारी है।
खाद्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि संयुक्त टीम द्वारा पालदा स्थित पैपे न्यूट्रिशन, 360/1 उद्योग नगर, पालदा, इंदौर का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान निर्धारित स्टॉक सीमा से अधिक शक्कर का भंडारण पाए जाने पर मौके से 375 क्विंटल शक्कर जप्त की गई। प्रतिष्ठान के भागीदारों से संबंधित दस्तावेज एवं स्टॉक का परीक्षण भी किया जा रहा है।
इसी क्रम में खाद्य विभाग की टीम द्वारा पालदा क्षेत्र में स्थित शक्कर डीलरों के गोदामों का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान आकाश एंटरप्राइजेज में 2820 क्विंटल, प्रतीक ट्रेडर्स में 2885 क्विंटल, राज ट्रेडर्स में 2378 क्विंटल, अशोक इंटरप्राइजेज में 2600 क्विंटल, सार्थक इंटरप्राइजेज में 2578 क्विंटल, कशिश इंटरप्राइजेज में 1595 क्विंटल, घनश्याम दास आनंदराम बहरारी ट्रेड्स में 1580 क्विंटल, कृति ट्रेडिंग पालदा में 3813 क्विंटल तथा स्वस्तिक इंटरप्राइजेज में 1641 क्विंटल शक्कर का स्टॉक पाया गया।
जांच में उक्त सभी डीलरों के यहां शक्कर का स्टॉक भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा निर्धारित 4000 क्विंटल की स्टॉक सीमा के भीतर पाया गया। खाद्य विभाग द्वारा शक्कर नियंत्रण आदेश-2026 के प्रावधानों के तहत जिले में शक्कर के स्टॉक एवं भंडारण की सतत निगरानी की जा रही है। निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


















