नई दिल्ली, 09 सितंबर । निजारी इस्माइली समुदाय के आध्यात्मिक नेता प्रिंस रहीम आगा खान पंचम 9 से 15 सितंबर तक भारत की यात्रा पर रहेंगे। उनकी यह यात्रा उपराष्ट्रपति के निमंत्रण पर हो रही है। 10 सितंबर को वह उपराष्ट्रपति के साथ वार्ता करेंगे।
उल्लेखनीय है कि यह प्रिंस रहीम आगा खान पंचम की 50वें इमाम के रूप में पदभार संभालने के बाद भारत की पहली यात्रा है। वे निजारी इस्माइली समुदाय के आध्यात्मिक इमाम हैं। उनकी राष्ट्रीयता पुर्तगाली है और उनका परिवार लंबे समय से यूरोप में, विशेषकर पुर्तगाल से जुड़ा रहा है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार दिल्ली प्रवास के दौरान आगा खान राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह गृहमंत्री और विदेशमंत्री से भी मुलाकात करेंगे।
भारत यात्रा के दौरान वह अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद भी जाएंगे। इन शहरों में आगा खान विकास नेटवर्क विभिन्न विकास और सामुदायिक पहलों से जुड़ा हुआ है।



















