काठमांडू, 17 अक्टूबर । नेपाल सरकार ने पहली बार निजी क्षेत्र के लिए बिजली कारोबार का रास्ता खोल दिया है। निजी क्षेत्र लंबे समय से बिजली के व्यापार का अधिकार देने की मांग कर रहा था। इस संबंध में निजी कंपनियों ने आवेदन भी किया था, जिनमें से सरकार ने 12 कंपनियों को आशय पत्र (एलओआई) जारी किया है।
ऊर्जा, जल संसाधन एवं सिंचाई मंत्री विराजभक्त श्रेष्ठ ने मंत्रीस्तरीय निर्णय के जरिए इन 12 कंपनियों को बिजली कारोबार के लिए एलओआई देने की मंजूरी दी।
सीमापार बिजली व्यापार में भाग लेने के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे निजी क्षेत्र के लिए इस फैसले ने कारोबार की नई संभावनाओं के द्वार खोल दिए हैं। अब तक बिजली उत्पादन तक सीमित निजी क्षेत्र को घरेलू और विदेशी बाजार तलाशने, संभावित खरीदारों और कारोबारी साझेदारों की पहचान करने तथा बिजली खरीद-बिक्री समझौतों की तैयारी करने का अवसर मिलेगा। ऊर्जा, जल संसाधन एवं सिंचाई मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, एलओआई पाने वाली कंपनियों में ग्रीन एनर्जी पावर ट्रेडिंग, नेपाल पावर ट्रेडिंग एंड मैनेजमेंट लिमिटेड, पावर ट्रेडिंग एंड एनर्जी एक्सचेंज, निफ्रा ट्रेडिंग एंड एनर्जी एक्सचेंज, हिमालयन ट्रेडिंग इलेक्ट्रिसिटी लिमिटेड, एशियन पावर ट्रेडिंग कंपनी, नेपाल पावर एक्सचेंज (नेपेक्स), एवरेस्ट पावर ट्रेडिंग और पावर ट्रेडिंग एंड इको एनर्जी सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं।
इन कंपनियों में कुछ स्थापित कारोबारी समूहों और ऊर्जा क्षेत्र के निवेशकों की भागीदारी है। ग्रीन एनर्जी पावर ट्रेडिंग, बटु लामिछाने और गणेश कार्की के बीजी ग्रुप से जुड़ी कंपनी है। नेपाल पावर ट्रेडिंग एंड मैनेजमेंट लिमिटेड में भाटभटेनी ग्रुप की भागीदारी है। इसी तरह, निफ्रा पावर ट्रेडिंग कंपनी विशाल ग्रुप की है।
नेपाल पावर एक्सचेंज (नेपेक्स) में ऊर्जा कारोबारी कृष्ण आचार्य, उत्तम भ्लोन और आशीष गर्ग शामिल हैं। सुनील केसी द्वारा स्थापित एशियन पावर ट्रेडिंग कंपनी के अध्यक्ष लालकृष्ण केसी हैं। वहीं, पावर ट्रेडिंग एंड इको एनर्जी नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ की पूर्व अध्यक्ष भवानी राणा से जुड़ी कंपनी है।
ऊर्जा मंत्री श्रेष्ठ के इस फैसले से निजी क्षेत्र के लिए बिजली उत्पादन के साथ-साथ बाजार तलाशने और व्यापार की पूर्व तैयारी में भाग लेने का रास्ता खुल गया है। अब एलओआई प्राप्त कंपनियां मौजूदा कानूनों के अनुसार तकनीकी, वित्तीय और व्यावसायिक व्यवहार्यता का अध्ययन कर सकेंगी। इसके अलावा, वे देशी और विदेशी साझेदारों के साथ बातचीत करने तथा आवश्यक समझौतों की तैयारी भी आगे बढ़ा सकेंगी।
स्वतंत्र ऊर्जा उत्पादकों के संगठन इप्पान (नेपाल) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम भ्लोन लामा ने कहा कि निजी क्षेत्र को भी बिजली व्यापार करने की अनुमति मिलने से ऊर्जा क्षेत्र में नया उत्साह पैदा हुआ है।
भ्लोन ने कहा, “नेपाल के ऊर्जा क्षेत्र में एक नया रास्ता खुला है। सरकार की इस नीति से ऊर्जा क्षेत्र में लगे निवेशकों को अपने निवेश में विविधता लाने में मदद मिलेगी। अब तक केवल बिजली उत्पादन में निवेश कर रहे निवेशकों के लिए बुनियादी ढांचे के विकास और नए क्षेत्रों में निवेश का रास्ता खुला है। इससे ऊर्जा क्षेत्र में निर्भीक होकर निवेश करने के लिए अनुकूल माहौल तैयार होगा।”



















