तूफान ‘अर्नब’ कमजोर पड़ा, फिर भी मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी, आज 27 जिलों में अलर्ट


शहर 31 October 2026
post

तूफान ‘अर्नब’ कमजोर पड़ा, फिर भी मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी, आज 27 जिलों में अलर्ट

भोपाल, 31 अक्टूबर । तूफान ‘अर्नब’ कमजोर होकर लो प्रेशर एरिया यानी कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है, लेकिन इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर अब भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले तीन दिनों से आंधी और बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को भी कई जिलों में बारिश हुई। आज शनिवार को प्रदेश के 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में आंधी-बारिश की संभावना है। वहीं, भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, गुना, अशोकनगर, सागर, दमोह, नरसिंहपुर और हरदा में मौसम साफ रहने और धूप खिलने का अनुमान है।

प्रदेश में अगले चार दिन तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज धूप निकलेगी, जबकि दूसरे हिस्सों में आंधी के साथ बारिश होगी। मौसम प्रणाली का असर प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में ज्यादा रहने की संभावना है। इससे पहले प्रदेश के 38 जिलों के करीब 155 शहरों और कस्बों में बारिश दर्ज की गई। इनमें भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, शाजापुर, नर्मदापुरम, ग्वालियर, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, मुरैना और भिंड शामिल हैं।

इसके अलावा जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी बारिश हुई। अनूपपुर शहर में तीन इंच से ज्यादा पानी गिरा, जबकि अमरकंटक में सवा दो इंच और सिंगरौली में दो इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। अनूपपुर में आंधी की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।

आंधी और बारिश के चलते प्रदेश में दिन के तापमान में भी गिरावट आई है। गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी कई इलाकों में दिन के समय ठंडक महसूस की गई। तापमान में दो से तीन डिग्री तक की कमी दर्ज की गई। इसके अलावा कई शहरों में रात के तापमान में भी गिरावट रिकॉर्ड की गई है।

You might also like!




Advertisment