इंदौर और भोपाल में आज होगी सिविल डिफेंस हवाई हमले एवं ब्लैकआउट की मॉक ड्रिल


शहर 27 November 2026
post

इंदौर और भोपाल में आज होगी सिविल डिफेंस हवाई हमले एवं ब्लैकआउट की मॉक ड्रिल

इंदौर/भोपाल, 27 नवंबर । मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न एजेंसियों की तत्परता एवं समन्वय परखने के उद्देश्य से आज शुक्रवार को सिविल डिफेंस हवाई हमले एवं ब्लैकआउट की द्वितीय मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है।

डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंड डॉ. मधु राजेश तिवारी ने बताया कि इंदौर जिले में मॉक ड्रिल का आयोजन आज शाम 6 बजे एमजीएम बॉयज हॉस्टल, पिपल्याहाना रोड पर किया जाएगा। इसमें हवाई हमले की चेतावनी, ब्लैकआउट, सुरक्षित स्थानों पर निकासी, खोज एवं बचाव तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया का अभ्यास किया जाएगा। सिविल डिफेंस स्वयंसेवक, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट एवं अन्य संबंधित एजेंसियां इसमें भाग लेंगी।

भोपाल में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), एसडीईआरएफ एवं होमगार्ड्स द्वारा आज शुक्रवार को शाम 7:30 बजे लाल परेड ग्राउंड के सामने स्थित रुस्तम जी आवास परिसर में एक संयुक्त मॉक अभ्यास (मॉक ड्रिल) का आयोजन किया जाएगा।

अभ्यास के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए रोप रेस्क्यू, बहुमंजिला इमारत से सुरक्षित निकासी, अग्निशमन और मेडिकल रिस्पांस का सजीव प्रदर्शन किया जाएगा। इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय का परीक्षण करना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक पूर्व-निर्धारित प्रशिक्षण अभ्यास है। नागरिक किसी भी प्रकार की अफ़वाह या घबराहट से बचें और सुरक्षा बलों को सहयोग प्रदान करें।

You might also like!




Advertisment