छिन्दवाडा, 22 मई । पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संरक्षण की दिशा में लंबे समय से सक्रिय रूप से कार्य कर रहे छिंदवाड़ा जिले के पर्यावरण हितैषी विनोद कुमार तिवारी को वर्ष 2025 के राज्य स्तरीय जैव विविधता पुरस्कार में व्यक्तिगत अशासकीय श्रेणी के प्रथम पुरस्कार के लिये चयनित किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस (22 मई) के अवसर पर आज भोपाल स्थित भारतीय वन प्रबंधन संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा राज्य स्तरीय जैव विविधता प्रथम पुरस्कार से तिवारी को सम्मानित किया जाएगा।
मध्य प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड, भोपाल द्वारा प्रदान किए जाने वाले इस सम्मान के अंतर्गत तिवारी को तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि, प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। विनोद कुमार तिवारी को यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जा रहा है।

















