रतलाम, 06 जून । मध्य प्रदेश, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 220 रतलाम सिटी में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है।
मतदाता सूची का अवलोकन एवं उसमें संशोधन के लिए दावे-आपत्तियां 15 जून 2026 तक निर्धारित केंद्रों पर जमा कराई जा सकेंगी।
निर्वाचन कार्यालय द्वारा शहर के सभी 49 वार्डों में विशेष केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्राधिकृत कर्मचारी कार्यालयीन समय में उपस्थित रहेंगे। नागरिक अपने वार्ड के निर्धारित केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने, नाम विलोपित कराने, पता परिवर्तन अथवा अन्य त्रुटियों के सुधार संबंधी आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नाम और विवरण का सत्यापन अवश्य करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित प्रारूप में दावा या आपत्ति दर्ज कराएं। इसके लिए अंतिम तिथि 15 जून 2026 निर्धारित की गई है।
शहर के विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवन, शासकीय एवं निजी विद्यालय, नगर निगम कार्यालय तथा अन्य सार्वजनिक संस्थानों को पुनरीक्षण केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर मतदाता सूची का अवलोकन करने के साथ-साथ संबंधित आवेदन भी जमा किए जा सकेंगे।
निर्वाचन अधिकारियों ने नागरिकों से समय रहते प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है, ताकि आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके।


















