सीडब्ल्यूआई ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी वनडे श्रृंखला के लिए रविवार को टीम की घोषणा कर दी है।


खेल 01 June 2026
post

सीडब्ल्यूआई ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी वनडे श्रृंखला के लिए रविवार को टीम की घोषणा कर दी है।

एंटिगुआ, 01 जून। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (सीडब्ल्यूआई) ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी वनडे श्रृंखला के लिए रविवार को टीम की घोषणा कर दी है। स्टार बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर की एक बार फिर वनडे टीम में वापसी हुई है, जबकि तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ चोट से उबरने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौटने के लिए तैयार हैं।

क्रिकेट वेस्टइंडीज ने स्पष्ट किया है कि हेटमायर को 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए टीम में दोबारा शामिल किया गया है। हेटमायर ने आखिरी बार जून 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मैच खेला था। इसके बाद वह पाकिस्तान, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ हुई तीन वनडे श्रृंखलाओं से बाहर रहे थे।

हाल ही में हुए टी20 विश्व कप में हेटमायर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 248 रन बनाए थे। हालांकि आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और उन्होंने सात पारियों में सिर्फ 78 रन बनाए।

अल्जारी जोसेफ की वापसी से गेंदबाजी को मजबूती

तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ पीठ की चोट से उबरकर टीम में लौटे हैं। वह जुलाई 2025 के बाद पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते नजर आ सकते हैं। उनके साथ तेज गेंदबाज शमार जोसेफ और जेडन सील्स भी टीम में शामिल हैं, जिनके कार्यभार पर विशेष नजर रखी जाएगी।

वहीं बाएं हाथ के स्पिनर गुडाकेश मोती की भी टीम में वापसी हुई है। वह पिछले साल न्यूजीलैंड दौरे का हिस्सा नहीं थे।

चार खिलाड़ियों की छुट्टी

न्यूजीलैंड दौरे वाली टीम से अलिक अथानाजे, जोहान लेन, खैरी पियरे और रोमारियो शेफर्ड को बाहर कर दिया गया है।

विश्व कप क्वालीफिकेशन की दौड़ में वेस्टइंडीज

वेस्टइंडीज इस समय आईसीसी वनडे रैंकिंग में 10वें स्थान पर है और 2027 विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करने की दौड़ में बना हुआ है। मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के अलावा रैंकिंग में शीर्ष आठ टीमें सीधे विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी।

मुख्य कोच डैरेन सैमी ने कहा कि श्रीलंका एक अनुशासित और मजबूत वनडे टीम है। उनके अनुसार यह श्रृंखला वेस्टइंडीज के लिए अपनी क्रिकेट पहचान को और मजबूत करने का अवसर होगी।

श्रीलंका और वेस्टइंडीज के बीच तीन वनडे मैच 3, 6 और 8 जून को जमैका में खेले जाएंगे। इसके बाद दोनों टीमें तीन टी20 और दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में भी आमने-सामने होंगी।

श्रीलंका के खिलाफ वेस्टइंडीज वनडे टीम

शाई होप (कप्तान एवं विकेटकीपर), अकीम ऑगस्टे, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्डे, जस्टिन ग्रीव्स, शिमरॉन हेटमायर, आमिर जंगू, अल्जारी जोसेफ, शमार जोसेफ, गुडाकेश मोती, शेरफेन रदरफोर्ड, जेडन सील्स और शमार स्प्रिंगर।

You might also like!




Advertisment