राजगढ़, 25 मई। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर में सोमवार को सकल जैन समाज ने संत सुरक्षा और आर्थिका माताजी के निधन से जुड़े प्रकरण की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर शांतिपूर्ण मौन रैली निकाली। बड़ी संख्या में समाजजन श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर पर एकत्र हुए और शांतिपूर्वक रैली निकालते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां राष्ट्रपति एवं शासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में समाज ने विहाररत पूज्य आर्थिका माताजी के साथ हुई हालिया घटना पर गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि यह मामला सामान्य सड़क दुर्घटना मात्र प्रतीत नहीं होता। उपलब्ध वीडियो क्लिप, परिस्थितियों और तथ्यों के आधार पर समाज में गंभीर आशंका और चिंता का वातावरण बन गया है। समाज जन ने कहा कि जैन संत पूर्णतः अहिंसक, निहत्थे और पैदल विहार करने वाले तपस्वी होते हैं, जो किसी भी प्रकार की सुरक्षा या भौतिक सुविधाओं का उपयोग नहीं करते। ऐसे संतों के साथ लगातार हो रही दुर्घटनाएं और हमले अत्यंत चिंताजनक हैं।
समाज ने ज्ञापन के माध्यम से इस प्रकरण की एसआईटी अथवा न्यायिक जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई तथा संत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने की मांग उठाई। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस सहयोग बढ़ाने, प्रशासनिक समन्वय सुधारने और पैदल विहार करने वाले संतों के लिए राष्ट्रीय गाइडलाइन बनाने की भी आवश्यकता बताई। ज्ञापन सौंपने के दौरान सकल जैन समाज के अध्यक्ष नरेन्द्र जैन, पूर्व अध्यक्ष निर्मल जैन, मनोज जैन, प्रदीप बरडिया, अरविंद चैधरी, अनिल जैन, दीपक जैन, विवेक जैन, नीरा, स्वेता, अर्पिता सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।














