भोपाल, 12 जून । मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन में 3 से 4 दिन की देरी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून 17 से 18 जून के बीच प्रदेश के दक्षिणी जिलों में दस्तक दे सकता है। मौसम की परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो अगले 10 से 15 दिनों में मानसून पूरे राज्य को कवर कर लेगा।
मानसून की एंट्री से पहले प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं। शुक्रवार को मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, बुरहानपुर, खंडवा, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना और दमोह जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। आंधी की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इन जिलों में गर्मी बरकरार
मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी और खरगोन जिलों के लिए आंधी या बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। ऐसे में इन इलाकों में गर्मी का असर बना रहने की संभावना है।
कई जिलों में बदला मौसम
गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश देखने को मिली। ग्वालियर में आधा इंच वर्षा दर्ज की गई, जबकि मंडला, सिवनी, दतिया सहित कई जिलों में भी बारिश हुई। दूसरी ओर कई शहरों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश के प्रमुख शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबलपुर में 41.3 डिग्री, भोपाल और उज्जैन में 39.7 डिग्री तथा इंदौर में 38 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान खजुराहो और नौगांव में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दमोह में 42.8 डिग्री, सतना में 42.7 डिग्री, रीवा में 42.5 डिग्री, दतिया में 42.2 डिग्री, टीकमगढ़ और मंडला में 42 डिग्री, उमरिया में 41.6 डिग्री, छिंदवाड़ा में 41.4 डिग्री, मलाजखंड में 41.1 डिग्री, रायसेन और राजगढ़ में 41 डिग्री, गुना में 40.7 डिग्री, खंडवा में 40.5 डिग्री, सागर में 40.4 डिग्री और श्योपुर में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
एक दिन के विराम के बाद फिर आगे बढ़ा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार एक दिन के ठहराव के बाद 11 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़त दर्ज की है। यदि मौसम अनुकूल रहा तो मानसून तेजी से आगे बढ़ते हुए 17 या 18 जून तक मध्य प्रदेश पहुंच सकता है।
सक्रिय मौसम प्रणालियों का असर
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के पूर्वी हिस्से से एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसके साथ ही ऊपरी हवा में एक चक्रवाती परिसंचरण और एक अन्य ट्रफ सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।

















