फिल्म 'अल्फा' का दमदार टीजर रिलीज


मनोरंजन 10 June 2026
post

फिल्म 'अल्फा' का दमदार टीजर रिलीज

आलिया भट्ट की बहुप्रतीक्षित स्पाई-एक्शन फिल्म 'अल्फा' का पहला टीजर बुधवार को रिलीज हो गया है। यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला प्रधान फिल्म को शिव रावेल ने निर्देशित किया है। टीजर में आलिया का दमदार और एक्शन से भरपूर अवतार देखने को मिला है। साथ ही बॉबी देओल के किरदार से भी पर्दा उठ गया है, जो फिल्म में आलिया के पिता की भूमिका निभाते नजर आएंगे। टीजर ने रिलीज होते ही दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।

टीजर की शुरुआत एक भावनात्मक दृश्य से होती है, जहां आलिया अपने पिता (बॉबी देओल) के साथ 18वें जन्मदिन का जश्न मनाती दिखाई देती हैं। हालांकि, कहानी जल्द ही रोमांचक मोड़ लेती है जब बॉबी देओल अपनी बेटी को उसके पहले मिशन पर भेजने की तैयारी करते हैं। वह उसे याद दिलाते हैं कि बचपन से ही उसे इसी मकसद के लिए तैयार किया गया है। इसके बाद टीजर में हाई-वोल्टेज एक्शन, खतरनाक मिशन और आलिया की जबरदस्त फाइटिंग स्किल्स की झलक देखने को मिलती है।

निर्माताओं ने टीजर के साथ फिल्म की नई रिलीज तारीख का भी ऐलान किया है। 'अल्फा' अब तीन जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में आलिया, बॉबी देओल के अलावा शरवरी वाघ और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। एक्शन, भावनाओं और स्पाई थ्रिलर के मिश्रण से सजी यह फिल्म वाईएआरएफ स्पाई यूनिवर्स की सबसे चर्चित परियोजनाओं में शामिल है, जिससे दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।

You might also like!




Advertisment