बगदाद, 08 जून । इराक में रविवार को यात्रियों से भरी एक बस पलटने से 21 लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना नासिरियाह और बसरा को जोड़ने वाले हाई-वे पर हुई। मरने वालों में दो ईरानी नागरिक भी हैं।
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ तथा तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडाेलू एजेंसी ने इराक के स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से बताया कि हादसे के बाद स्वास्थ्य मंत्री अब्दुल हुसैन अल-मौसावी ने स्थिति की निगरानी शुरू कर दी है। उन्होंने मेडिकल, स्वास्थ्य और एम्बुलेंस टीमों को हाई अलर्ट पर रहने तथा घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मंत्रालय के प्रवक्ता सैफ अल-बद्र ने एक ऑडियो बयान में कहा कि शिया तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक यात्री बस ईंधन ले जा रहे ट्रक से टकरा गई, जिससे आग लग गई और कई लोग जल गए। शवों की पहचान के लिए फोरेंसिक अधिकारियों की टीम को तैनात किया गया है।
मंत्रालय के अनुसार प्रारंभिक रिपोर्ट में 21 लोगों की मौत और 19 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। घायलों में कुछ ईरानी यात्री भी हैं, हालांकि उनकी सटीक संख्या अभी नहीं बताई गई है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों और चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।
इस बीच, इराकी ट्रैफिक पुलिस के कर्नल करीम अल-मौसावी ने शिन्हुआ को बताया कि बस मध्य इराक के कर्बला और नजफ में पवित्र स्थलों से दक्षिणी इराक के बसरा प्रांत लौट रही थी, इसी दौरान यह तेज रफ्तार के कारण ईंधन ले जा रहे ट्रक से टकरा गई।
इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदीने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसकी जांच के आदेश दिए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार वह स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।



















