यमुनानगर, 11 जून यमुनानगर में नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने गुरुवार तड़के आजाद नगर कॉलोनी में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। विशेष अभियान के तहत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र को चारों दिशाओं से घेरकर संदिग्ध स्थानों की गहन जांच की। इस कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी आशीष चौधरी ने किया।
मिशन मैदान के अंतर्गत संचालित अभियान में 15 विशेष पुलिस टीमें और डॉग स्क्वायड को शामिल किया गया। पुलिस ने कॉलोनी के अनेक मकानों में प्रवेश कर कमरों, स्टोर, अलमारियों तथा अन्य संभावित स्थानों की विस्तृत तलाशी ली। साथ ही क्षेत्र में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों से संबंधी जानकारी भी एकत्र की। अभियान के दौरान दो दर्जन से अधिक मकानों की जांच की गई। पुलिस ने क्षेत्र में खड़े दोपहिया वाहनों के दस्तावेजों का भी सत्यापन किया। जिन वाहनों के चालक मौके पर आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके, उनके वाहनों को नियमानुसार जब्त कर लिया गया।
तड़के अचानक शुरू हुई कार्रवाई से कॉलोनी में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि एक साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता का संदेश गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य किसी विशेष व्यक्ति को निशाना बनाना नहीं, बल्कि नशा तस्करी, अपराध और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध निवारक कार्रवाई को प्रभावी बनाना है। तलाशी के दौरान कोई अवैध या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई, फिर भी पुलिस ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई हैं।
डीएसपी आशीष चौधरी ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से भी पुलिस को सूचना देकर सहयोग करने की अपील की।


















