बीजापुर/रायपुर, 13 जून। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने एक बड़े नक्सल विरोधी अभियान में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री के साथ नक्सलियों के 8 डंप बरामद किए हैं। गरियाबंद जिले के दंडईपानी के जंगलों में भी पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की संयुक्त कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद कर प्रेशर आईईडी और कुकर आईईडी को डिफ्यूज किया गया है।
सुरक्षा बलों ने आज इन 8 गुप्त डंप को खोजने और गरियाबंद में भारी विस्फोटक को निष्क्रिय करने की सफलता हासिल की है। कमांडेंट आनंद कुमार ने बताया है कि द्वितीय कमान अधिकारी कुमार नीरज की देखरेख में संयुक्त टीम का गठन किया गया। इस टीम में बी/199 कंपनी और यंग प्लाटून का नेतृत्व कंपनी कमांडर राजीव कुमार ने किया, जबकि एफ/199 कंपनी का नेतृत्व निरीक्षक केबी. पांडा ने किया ।
संयुक्त टीम ने पीडिया और कुप्पागुडा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एड्री, हर्रा और मदुमपारा गांवों के घने जंगलों में सघन तलाशी ली। अभियान के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा भविष्य में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखे गए कुल 8 डंप बरामद किए हैं ।
आठ डंपों से बैरेल ग्रेनेड लांचर राइफलें, .303 राइफल, एयर गन राउंड, 21 आईईडी, कॉर्डेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज, इलेक्ट्रिक वायर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित कुल 58 प्रकार की सामग्रियां जब्त की गईं। इसके अलावा नक्सलियों के उपयोग में आने वाले कपड़े सहित कुल 58 प्रकार की सामग्री जब्त की गई है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने की 199 वाहिनी ने स्पष्ट किया है कि वह क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी आसूचना आधारित अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।
इसी प्रकार गरियाबंद जिले में जारी नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सीआरपीएफ और पुलिस जवानों ने दंडईपानी और गोबरा क्षेत्र के जंगल में 4 किलो का प्रेशर आईईडी, कुकर बम और चाइना बम सहित भारी मात्रा में गन पाउडर और कमर्शियल कॉर्डेक्स वायर बरामद किया है। सीआरपीएफ और पुलिस जवानों ने आईईडी मौके पर ही डिफ्यूज कर दिया। दवाइयां और दैनिक उपयोग का सामान भी बरामद किया गया है।



















