ग्वालियर, 13 जून | मध्य प्रदेश के सभी स्कूलों में आज शनिवार को अपार आईडी दिवस मनाया जा रहा है। इस दौरान पालकगणों के सहमति पत्र के आधार पर बच्चों की अपार आईडी बनवाई जाएगीं। साथ ही आधार में त्रुटि, दस्तावेजों में कमी अथवा अन्य तकनीकी कारणों से लंबित अपार आईडी प्रकरणों का निराकरण भी किया जाएगा।
जिला परियोजना समन्वयक रविन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि स्कूली बच्चों की अपार आईडी बनाने के लिए राज्य शिक्षा केन्द्र के दिशा-निर्देशों के तहत हर शनिवार को मेगा अपार आईडी दिवस मनाया जा रहा है। पालकगणों से इस सुविधा का लाभ उठाकर अपने बच्चों की अपार आईडी बनवाने की अपील की गई है।
उन्होंने बताया कि अपार आईडी विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का स्थायी डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने में सहायक होगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम, समग्र रिपोर्ट कार्ड, छात्रवृत्ति संबंधी जानकारी, सीखने के परिणामों के साथ-साथ खेल, कला, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक उपलब्धियों का भी डिजिटल रूप से संग्रह एवं संरक्षण किया जा सकेगा। इस कार्य के लिए विकासखंड स्तर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक को नोडल अधिकारी बनाया गया है।


















