कैनिंग में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर सवाल, बिजली गुल होने से बढ़ा तनाव |


देश 01 May 2026
post

कैनिंग में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर सवाल, बिजली गुल होने से बढ़ा तनाव |

दक्षिण 24 परगना, 01 मई । राजधानी कोलकाता में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर मचे घमासान के बीच दक्षिण 24 परगना के कैनिंग इलाके में भी ईवीएम की सुरक्षा को लेकर तनाव बढ़ गया है। बंकिम सरदार कॉलेज के स्ट्रॉन्गरूम में बिजली कटने की घटना के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

कैनिंग महकमा के चार विधानसभा क्षेत्रों—गोसाबा, बसंती, कैनिंग पश्चिम और कैनिंग पूर्व की ईवीएम इसी कॉलेज के स्ट्रॉन्गरूम में रखी गई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 8:40 बजे अचानक पूरे कॉलेज परिसर की बिजली चली गई। आरोप है कि बिजली जाते ही स्ट्रॉन्गरूम की निगरानी के लिए लगे दो सीसीटीवी मॉनिटर में से एक पूरी तरह बंद हो गया। बाहर मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के एजेंट मॉनिटर पर नजर रखे हुए थे, ऐसे में अचानक मॉनिटर बंद होने की खबर फैलते ही तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तनाव बढ़ गया। दोनों पक्षों ने ईवीएम की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और यह सवाल भी उठाया कि जेनरेटर तुरंत क्यों चालू नहीं हुआ?

इस घटना का वीडियो फुटेज भी सामने आया है, हालांकि प्रशासन की ओर से बिजली गुल होने या सीसीटीवी बंद होने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। रात के अंधेरे में हुई इस घटना ने कैनिंग के राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।

विकर्ण नस्कर, जो गोसाबा से भाजपा उम्मीदवार हैं, ने कहा, “वहां बार-बार कैमरे बंद हो रहे हैं। तृणमूल उम्मीदवार परेश राम दास के अंदर जाने के बाद लाइट चली गई। बाहर मौजूद हमारे प्रतिनिधि मॉनिटर पर कुछ नहीं देख पा रहे थे। मैंने रिटर्निंग ऑफिसर को सूचना दी है और चुनाव आयोग से जल्द कार्रवाई की मांग की है।” उन्होंने इस मामले में आयोग को ईमेल भी भेजा है।

वहीं तृणमूल उम्मीदवार परेश राम दास ने भी चिंता जताते हुए कहा, “मैं जैसे ही वहां पहुंचा, बिजली चली गई। करीब 20 मिनट बाद जनरेटर चालू हुआ। इस दौरान पूरा इलाका अंधेरे में था और सीसीटीवी भी बंद या धुंधला था। हमें आशंका है कि कहीं लोडशेडिंग के जरिए कोई साजिश न हो। हमने आयोग से जांच की मांग की है।”

You might also like!




Advertisment