बंगाल में भाजपा की जीत का प्रतीक बन चुकी है झालमुड़ीः खंडेलवाल


देश 05 May 2026
post

बंगाल में भाजपा की जीत का प्रतीक बन चुकी है झालमुड़ीः खंडेलवाल

नई दिल्ली, 05 मई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने मंगलवार को यहां आयोजित “झालमुड़ी कार्यक्रम” के माध्यम से पश्चिम बंगाल में पार्टी की ऐतिहासिक विजय का उत्सव मनाया। इस अवसर पर खंडेलवाल ने कहा कि झालमुड़ी अब केवल एक खाद्य पदार्थ नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की विजय का प्रतीक बन चुकी है।

खंडेलवाल ने कहा कि जिस झालमुड़ी का ममता बनर्जी ने उपहास उड़ाया, उसी झालमुड़ी ने उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंककर इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्थानीय उत्पादों के समर्थन की नीति सर्वविदित है। जब प्रधानमंत्री ने बंगाल के एक साधारण दुकान पर झालमुड़ी खाई, तब ममता बनर्जी सहित विपक्षी दलों ने उसका मज़ाक उड़ाया और उसकी नकल उतारी।

उन्होंने कहा कि झालमुड़ी पश्चिम बंगाल के हर वर्ग—गरीब से अमीर तक—के दिल से जुड़ी हुई है। ऐसे में उसका अपमान करना, दरअसल बंगाल की जनता की भावनाओं का अपमान था, जिसका जवाब जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से दे दिया।

खंडेलवाल ने कहा कि यह जनादेश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है और यह विपक्ष की नकारात्मक, भ्रामक और विभाजनकारी राजनीति को पूरी तरह नकारने का स्पष्ट संदेश है। उन्होंने ममता बनर्जी और अन्य विपक्षी दलों द्वारा मचाए जा रहे शोर-शराबे पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह उनका राजनीतिक हताशा और अपनी हार की जिम्मेदारी से बचने का एक असफल प्रयास है।

सांसद खंडेलवाल ने कहा कि बंगाल की यह जीत केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि जनभावनाओं के सम्मान और “लोकल के लिए वोकल” के संकल्प की विजय है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने हमेशा आम आदमी की संस्कृति और परंपराओं का मज़ाक उड़ाया, जिसका परिणाम आज उनके सामने है। बंगाल की जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें विकास, सुशासन और सम्मान की राजनीति चाहिए, न कि तुष्टीकरण और डर की राजनीति। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह जीत आने वाले समय में पूरे देश में सकारात्मक और विकासोन्मुखी राजनीति को और मजबूती देगी।

You might also like!




Advertisment