विराट कोहली का आईपीएल में नौवां शतक, टी20 में सबसे तेज 14,000 रन पूरे


खेल 14 May 2026
post

विराट कोहली का आईपीएल में नौवां शतक, टी20 में सबसे तेज 14,000 रन पूरे

नई दिल्ली, 14 मई। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने बुधवार को रायपुर में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ शानदार शतक जड़ते हुए इतिहास रच दिया। कोहली ने आईपीएल करियर का नौवां शतक लगाने के साथ टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 14,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद दबाव में दिख रहे 37 वर्षीय कोहली ने केकेआर के खिलाफ शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने 60 गेंदों में नाबाद 105 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और तीन छक्के शामिल रहे।

कोहली की इस विस्फोटक पारी की बदौलत आरसीबी ने 192 रनों के लक्ष्य का सफल पीछा किया और मुकाबले में 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

यह केकेआर के खिलाफ कोहली का दूसरा आईपीएल शतक रहा, जबकि 2024 के बाद यह उनका पहला आईपीएल शतक है।

इस शतकीय पारी के साथ विराट कोहली आईपीएल 2026 की ऑरेंज कैप की दौड़ में भी टॉप-5 में पहुंच गए हैं। मौजूदा सीजन में उनके नाम अब 53.77 की औसत से 484 रन हो गए हैं।

टी20 क्रिकेट में 14,000 रन पूरे करने वाले कोहली दुनिया के छठे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले एलेक्स हेल्स, कीरोन पोलार्ड, डेविड वॉर्नर, जोस बटलर और क्रिस गेल यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

You might also like!




Advertisment