बचत अभियान से गरीबों के लिए नई योजनाएं बनाए सरकार : शांता कुमार


देश 14 May 2026
post

बचत अभियान से गरीबों के लिए नई योजनाएं बनाए सरकार : शांता कुमार

शिमला, 14 मई । पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने प्रधानमंत्री के बचत अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान अब रुकना नहीं चाहिए और सरकार को बचत से होने वाली राशि को गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे करोड़ों लोगों के कल्याण पर खर्च करना चाहिए।

शांता कुमार ने वीरवार काे एक बयान में कहा कि देश में आज भी बड़ी संख्या में लोग गरीबी, बेरोजगारी और आर्थिक विषमता से जूझ रहे हैं। एक ओर अमीरी चमक रही है, जबकि दूसरी ओर गरीब वर्ग मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने चिंता जताई कि बेरोजगारी के कारण युवा वर्ग निराश हो रहा है और आत्महत्याओं की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी द्वारा देशवासियों से बचत करने का आह्वान किए जाने के बाद पूरे देश में सकारात्मक वातावरण बना है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल द्वारा भी अधिक बचत करने की घोषणा स्वागतयोग्य कदम है। उन्होंने कहा कि इस नए बचत अभियान से देश को करोड़ों-अरबों रुपये की बचत होगी, जिसे गरीबों और जरूरतमंदों के उत्थान में लगाया जा सकता है।

उन्होंने आग्रह किया कि सरकार को शीघ्र ही गरीबों के लिए नई योजनाएं बनानी चाहिए और यह बचत अभियान तब तक जारी रहना चाहिए, जब तक देश का हर गरीब आत्मनिर्भर होकर सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सक्षम न हो जाए।

इस अवसर पर शांता कुमार ने भारतीय जनता पार्टी को मिल रहे जनसमर्थन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बंगाल और हरियाणा के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की सफलता यह संकेत देती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नए भारत के निर्माण के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल प्रदेश में होने वाले नगर निगम और पंचायत राज चुनावों में भी भाजपा को व्यापक समर्थन मिलेगा और प्रदेश की जनता ने अभी से वर्ष 2027 में भाजपा सरकार बनाने का मन बना लिया है।

You might also like!




Advertisment