जयशंकर ने दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति माशाटाइल से की मुलाकात


देश 02 June 2026
post

जयशंकर ने दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति माशाटाइल से की मुलाकात

नई दिल्ली, 02 जून । विदेशमंत्री डॉ. एस जयशंकर ने मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति शिपोकसा पॉलस माशाटाइल से मुलाकात की। इस दौरान दक्षिण अफ्रीका के प्रतिनिधिमंडल और भारतीय पक्ष के बीच दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), डिजिटल अवसंरचना तथा रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के अवसरों पर विचार-विमर्श किया।

विदेशमंत्री ने भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों का उल्लेख करते हुए साझेदारी को और गहरा करने के लिए दक्षिण अफ्रीका की मजबूत प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि व्यापार, निवेश, डिजिटल और बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में दोनों देशों के लिए व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि भारत और दक्षिण अफ्रीका वैश्विक एवं बहुपक्षीय मंचों पर आपसी समन्वय को और मजबूत करेंगे। यह मुलाकात भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रणनीतिक संबंधों को नई दिशा देने और द्विपक्षीय सहयोग को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

You might also like!




Advertisment