जयशंकर ने वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति से की मुलाकात


देश 04 June 2026
post

जयशंकर ने वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति से की मुलाकात

नई दिल्ली, 04 जून । विदेशमंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज यहां वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज से मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "आज यहां (दिल्ली) में वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज से मिलकर मुझे खुशी हुई। भारत-वेनेजुएला संबंधों के प्रति उनके लंबे समय से चले आ रहे समर्पण की मैं बहुत कद्र करता हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनकी मुलाकात हमारे सहयोग को और मजबूत करेगी।"

यात्रा के दौरान कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इन वार्ताओं में भारत-वेनेजुएला संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा होगी और ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और निवेश, फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में आगे सहयोग के रास्ते तलाशे जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज 3 से 7 जून तक भारत की यात्रा पर हैं। वे आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा, व्यापार, निवेश, उत्पादन, स्वास्थ्य और परिवहन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की संभावना है। कार्यवाहक राष्ट्रपति के साथ विदेश मामलों, अर्थव्यवस्था एवं वित्त, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, संचार एवं सूचना तथा परिवहन मंत्रियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी है। कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज इससे पहले विदेशमंत्री और उपराष्ट्रपति के रूप में कई बार भारत का दौरा कर चुकी हैं। यह उनकी छठी भारत यात्रा है।

You might also like!




Advertisment