वैश्विक ऑनलाइन योग ने रचा इतिहास, चार लाख से ज्यादा लोगों ने किया योग


देश 14 June 2026
post

वैश्विक ऑनलाइन योग ने रचा इतिहास, चार लाख से ज्यादा लोगों ने किया योग

नई दिल्ली, 14 जून 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' से पहले रविवार को ऑनलाइन योग सत्र ने एक नया इतिहास रच दिया। सुबह आयोजित ऑनलाइन योग सत्र में देश ही नहीं दुनिया में करीब 4,35,831 लोगों ने एक साथ योग किया। पिछले साल यह संख्या 2,46,452 थी।

इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए आयुष मंत्री प्रताप राव जाधव ने कहा कि

योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने की एक शैली है।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से योग को अपनी जीवनशैली बनाने और अपने परिवार, मित्रों व समाज को भी इससे जोड़ने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग आज एक वैश्विक जन आंदोलन बन चुका है। यूट्यूब लाइव स्ट्रीम पर लाखों देशवासियों की सहभागिता ने गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड की दिशा में कदम बढ़ाते हुए भारत की सामूहिक योग शक्ति का अद्भुत परिचय दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का 'योग365' का आह्वान हमें प्रेरणा देता है कि हम योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखकर, इसे वर्ष के 365 दिन अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। यह मात्र एक अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण का सुदृढ़ संकल्प है।

इस मौके पर आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोलकाता में मुख्य योग कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। आयुष सचिव ने देश और दुनिया के लोगों से अपील करते हुए कहा कि जो लोग प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित नहीं हो सकते, वे वर्चुअली जुड़कर प्रधानमंत्री जी के साथ योग करें। अपने योगाभ्यास की सेल्फी #हर घर योग के साथ सोशल मीडिया पर साझा करें और आयुष मंत्रालय को टैग करें ।

उल्लेखनीय है कि इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने और अधिक सुलभ बनाने के लिए आयुष मंत्रालय के आधिकारिक यू ट्यूब चैनल पर लगातार 100 दिनों तक मुफ्त ऑनलाइन लाइव योग सत्रों का आयोजन किया जा रहा है।

हैबिल्ड के संस्थापक के मार्गदर्शन में हुए इस यूट्यूब लाइव स्ट्रीम में भारत सहित दुनियाभर के लाखों लोगों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। लाखों योग साधकों की इस अभूतपूर्व सहभागिता ने 'गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड' की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ाते हुए, विश्व पटल पर भारत की सामूहिक योग शक्ति का अद्भुत परिचय दिया है।

You might also like!




Advertisment