होर्मुज़ को लेकर ईरान ने अमेरिका को दी गलतफहमी से बचने की नसीहत


विदेश 13 August 2026
post

होर्मुज़ को लेकर ईरान ने अमेरिका को दी गलतफहमी से बचने की नसीहत

तेहरान, 13 अगस्त । ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराकची ने अमेरिका को होर्मुज़ जलडमरूमध्य को लेकर खुफिया आकलन में किसी भी तरह की बड़ी गलतफहमी से बचने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी खुफिया तंत्र की विफलताओं के कारण वाशिंगटन पहले भी ईरान के खिलाफ युद्ध को लेकर गलत आकलन कर चुका है और अब वही समस्या होर्मुज़ के मामले में दोहराई जा सकती है।

ईरान की अर्धसरकारी समाचार एजेंसी तसनीम न्यूज़

के मुताबिक, अराकची ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि अमेरिका लंबे समय से खुफिया विफलताओं के कारण गलत निष्कर्षों पर पहुंचता रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि फर्जी खबरों से भी ज्यादा खतरनाक “फर्जी खुफिया जानकारी” हो सकती है।

ईरान के विदेश मंत्री की यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका का होर्मुज जलडमरूमध्य पर पूरा नियंत्रण है। ट्रंप ने बुधवार को अपने ‘ट्रुथ सोशल’ अकाउंट पर जलमार्ग का जिक्र करते हुए कहा था कि अमेरिका इसे अपने नियंत्रण में रखेगा।

होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव ऐसे समय में बढ़ा है जब क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज हैं। यह जलमार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

इस बीच, जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों की संख्या में भारी गिरावट आई है। एक सप्ताह की अवधि में यहां से गुजरने वाले जहाजों की संख्या घटकर 8 के स्तर पर आ गई। इससे संकेत मिलता है कि क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच शिपिंग कंपनियां इस रणनीतिक जलमार्ग से गुजरने को लेकर काफी सतर्कता बरत रही हैं।

You might also like!




Advertisment